भिलाई। कोरोना संक्रमण के बीच ट्विनसिटी में बकरीद की तैयारियां जोरों पर हैं। इस बार लॉकडाउन के दौरान प्रशासन के गाइडनलाइन के मुताबिक बकरीद का त्योहार मनाया जाएगा। बकरीद के लिए शहर में कुबानी के लिए एक से बढ़कर एक बकरे आए हैं। अलग अलग नस्ल के इन बकरों की कीमत भी हैरान करने वाली होती है। इस बीच शहर में एक बकरे की चर्चा जोरों पर है। यह साधारण बकरा नहीं है बल्कि इसकी खासियत इसे अन्य बकरों से अलग करती है। तोतापारी व जमनापारी क्रास नस्ल का यह बकरा दिखने में जितना खास है उतना ही इसकी अन्य खूबियां हैं।
फरीद नगर निवासी अहमद उर्फ लाल बहादुर द्वारा सप्ताह भर पहले इस बकरे को पंजाब से लाया गया। बकरे के संबंध में अहमद भाई ने बताया कि उन्होंने इस बकरे को पंजाब से खरीदा था। 1.53 लाख रुपए के इस बकरे को पंजाब से यहां लाने में 23 हजार रुपए का खर्च आया। बकरे का वजन 160 किला है। बकरे की लंबाई 8 फीट और यह अपनी गर्दन को 10 फीट की ऊंचाई तक ले जा सकता है। बकरे की डाइट को लेकर उन्होंने बताया कि विशेष तो कुछ नहीं लेकिन यह फलों का शौकीन है और ताजी सब्जियां भी बड़े ही चाव से खाता है। अहमद भाई ने बताया कि इस बकरीद इसे कुर्बानी के लिए लाया गया है।




