नारायणपुर। जिले में सोमवार सुबह बड़ी वारदात हुई। यहां रोड सेफ्टी में लगी टीम आईईडी की चपेट में आई। इस ब्लास्ट में आईटीबीपी का एक एएसआई शहीद हो गए हैं। वहीं एक कॉन्स्टेबल घायल हो गया है। घायल कॉन्स्टेबल को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सोनपुर थानाक्षेत्र के ढोंडरीबेड़ा के पास नक्सलियों ने यह आईईडी प्लांट किया था। नारायणपुर एसपी सदानंद कुमार ने घटना की पुष्टि की है।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह आईटीबीपी 53 बटालियन के जवान सड़क निर्माण को सुरक्षा देने निकले थे। सोनपुर थाना के ढोंडरीबेड़ा के पास पहुंचे थे कि आईईडी बम ब्लास्ट हो गया। यह हादसा सुबह लगभग 8.30 बजे के करीब हुआ है। शहीद जवान का नाम राजेंद्र सिंह बताया जा रहा है। वहीं घायल जवान का नाम महेश है। घायल जवान को जंगल से अस्पताल लाया जा रहा है। जवान अभी मौके पर ही मौजूद हैं। क्षेत्र में सर्चिंग बढ़ा दी गई है।
एक दिन पहले सुकमा में हुए 3 जवान घायल
रविवार को सुकमा जिले में सुबह पुलिस-नक्सली मुठभेड़ हुई, जिसमें डीआरजी के 3 जवान घायल हो गए थे। मुठभेड़ में कई नक्सलियों को भी गोली लगने का दावा पुलिस अफसर कर रहे हैं। केरलापाल क्षेत्र में चिचोरगुड़ा के पास बड़ी संख्या में नक्सलियों के जमावड़े की सूचना मिली थी, जिसके बाद डीआरजी के जवानों को रवाना किया गया था। घात लगाए बैठे नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें डीआरजी के जवान सोमारू राम पोयाम, नेहरू कश्यप व वेट्टी देवा घायल हैं। सभी जवानों की स्थिति खतरे से बाहर है।




