14 करोड़ के ठगड़ा बांध के बाद महमरा में 30 करोड़ से बनेगा लक्ष्मण झूला
दुर्ग। शहरी क्षेत्र में बिजली, पानी, सड़क नाली, हाई मास्ट लाइट, सोलर हाई मास्ट जैसी मूलभूत विकास सुविधाओं के साथ ही वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा दुर्ग को स्मार्ट सिटी की पहचान दिलाने लगातार प्रयासरत हैं जिसके परिणाम स्वरूप पर्यटन एवं पर्यावरण सुधार की दिशा में उनके प्रयासों को एक और बड़ी सफलता मिली है। 14 करोड़ की लागत से ट्विन सिटी के बीचों बीच स्थित ठगड़ा बांध को पिकनिक स्पॉट के रूप में परिवर्तित करने का कार्य तेज गति से जारी है इसी बीच नवीन बजट सत्र में वोरा के आग्रह पर शिवनाथ नदी तट के महमरा एनीकट के पास 30 करोड़ की लागत से लक्ष्मण झूला भी बनाने की स्वीकृति प्राप्त हो गई है। जहां जल संसाधन विभाग द्वारा सस्पेंशन ब्रिज के साथ ही नदी के दोनों ओर उद्यान विकास भी किया जाएगा।


ईई सुरेश पांडेय ने बताया कि विधायक वोरा के आग्रह पर मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार विभागीय बजट 22-23 में शहर के लिए इस योजना को सम्मिलित किया गया है। जल्द ही प्रस्ताव बना कर शासन को प्राक्कलन प्रेषित कर दिया जाएगा। श्री वोरा ने कहा कि 15 वर्षों से उपेक्षित दुर्ग जिला अब विकास के नए आयाम गढऩे की ओर है सड़क, नाली, बिजली, उद्यान, सौंदर्यीकरण के साथ साथ पर्यटन के क्षेत्र में भी आम जनों की भावनाओं के अनुरूप राशि स्वीकृत कराई जा रही है। क्षेत्र में लगभग 400 करोड़ से अधिक के विकास कार्य प्रगतिशील हैं।
हमर दुर्ग – स्मार्ट दुर्ग की संकल्पना को साकार करने कोई कोर कसर बाकी नहीं रखी जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे को धन्यवाद देते हुए कहा कि महमरा एनीकट में शिवनाथ तट को विकसित करने हेतु लक्ष्मण झूला एवं उद्यान निर्माण से शहर वासियों को एक और पर्यटन स्थल सौगात जल्द ही मिलेगी।




