रायपुर (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी की घटना को छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने राजनीति से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि लखीमपुर की घटना पर जो राजनीति हो रही है, वो दु:खद है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को 45-45 लाख और सरकारी नौकरी और घायलों को 10-10 लाख देने की घोषणाएं पहले ही कर दी हैं।

छत्तीसगढ़ के सीएम लखीमपुर जा रहे हैं, लेकिन प्रदेश के सिलगेर जाने के लिए उनके पास टाइम नहीं है। बस्तर के सिलगेर में पुलिस की गोली से कई आदिवासी किसान मारे गए, 5 महीने से वो आंदोलन कर रहे हैं लेकिन राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, भूपेश बघेल में से कौन गया मिलने? यह दोहरा रवैया क्यों?
राजधानी रायपुर में प्रेसवार्ता में पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने भूपेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने रहा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री वहां जा रहे हैं, लेकिन सिलगेर की घटना पर ना तो प्रियंका गईं, ना भूपेश बघेल गए। उस समय इनकी संवेदना कहां मर गई थी?
कांग्रेस में मचे घमासान पर बीजेपी नेता ने कहा कि मैं चाहूंगा जो होना है, जल्दी हो जाए, ताकि सरकार विकास कार्यों पर ध्यान दे, विधायकों को इन्होंने ही भेजा। कोई विधायक चार्टर प्लेन से कैसे आना-जाना कर सकता है? सरकार इनसे नहीं संभल रही है। सरकार 50-50 में लगी है।
वहीं मुख्यमंत्री भूपेश के जवाब पर कहा कि आदिवासियों के लिए इस भाव से अगर बात करेंगे तो समझ में आता है कि आदिवासियों की चिंता, केवल वोट बैंक की राजनीति के लिए है। पहले ही दिन सिलगेर में मुख्यमंत्री और गृहमंत्री को जाना चाहिए था।




