जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर में जुलूस पर कार चलाने के मामले में सियासत तेज हो गई है। राज्य की कांग्रेस सरकार पर विपक्षी दल निशाना साध रहा है। सोशल मीडिया पर सवाल किए जा रहे हैं कि क्या उत्तर प्रदेश के लखीमपुर की तरह ही जशपुर में भी पीडि़त परिवार से मिलने कांग्रेस हाई कमान के नेता प्रियंका गांधी वाड्रा और राहलु गांधी आएंगे? घटना के दूसरे दिन शनिवार को कांग्रेस विधायक व संसदीय सचिव चिंतामणी महराज जशपुर पहुंचे। उन्होंने हालात का जायजा लिया। इसी दौरान मीडिया ने उनसे राहुल व प्रियंका गांधी के जशपुर आने को लेकर सवाल कर दिया।
कांग्रेस विधायक चिंतामणी ने जवाब ने कहा कि जो जवाब दे सकें, ऐसा सवाल पूछेंगे तो समझ में आता है। अब ऊपर स्तर का मामला है। उसमें हम कैसे बता सकते हैं, वो कब आएंगे और क्या करेंगे? विधायक चिंतामणी ने जशपुर में गांजा तस्करी और पुलिस की लापरवाही को लेकर कहा कि पूरे प्रदेश में नशा का कारोबार, तस्करी करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। हाल ही में इस तरह की कई कार्रवाइयां हुई हैं। पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई की। किसी तरह की लापरवाही मुझे नजर नहीं आई, आप लोगों को अगर लापरवाही नजर आती है तो बताएं, कार्रवाई जरूर की जाएगी।
दिल दहलाने वाला विडियो
इस दुर्घटना का दिल दहलाने वाला वीडियो सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि लोग दुर्गा चल समारोह लेकर शांतिपूर्ण तरीके से भजन गाते जा रहे थे। बस उसी दौरान भीड़ में अचानक एक तेज रफ्तार गाड़ी घुस आयी औऱ उसने लोगों को रौंद दिया। लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही सब कुछ खत्म हो चुका था।
आज जशपुर बंद
जशपुर में घटना के बाद से ही सियासत तेज है। बीजेपी के आह्वन पर शनिवार को जशपुर बंद कर दिया गया है। सुबह से ही दुकानें बंद हैं। बीजेपी से जुड़े लोग आला अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब पहले से जुलूस का रूट तय था तो उस रास्ते में गाडिय़ों की आवाजाही की अनुमति ही क्यों दी गई। पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया गया है। बता दें कि बीते शुक्रवार की दोपहर में जशपुर के पत्थलगांव थाना क्षेत्र में दुर्गा विसर्जन के लिए जुलूस निकाला गया था। इसी दौरान गांजा से लदी एक कार ने जुलूस में शामिल लोगों को बर्बरता से कुचल दिया। इस घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है। प्रशासन ने मृतक के परिजनों को 50 लाख रुपये सहायता राशि देने का ऐलान किया है।




