भिलाई. महंगाई के मुद्दे पर दिल्ली के रामलीला मैदान में एक बार फिर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की जुबान फिसल गई। जिसके बाद उन्हें भाजपा नेताओं ने सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल करना शुरू कर दिया। जिसके बाद ट्रोलर्स पर छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बरस पड़े। नाराज होते हुए उन्होंने भाजपा नेताओं पर जमकर तंज कसा। दरअसल दिल्ली के रामलीला मैदान की हल्ला बोल रैली में खाद्य सामग्री की महंगाई का उल्लेख करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आटे के साथ लीटर का उपयोग कर दिया। हालांकि कुछ ही देर में उन्होंने भाषण में अपनी गलती सुधार ली, लेकिन इससे भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को मौका मिल गया।
गंभीरता से देना चाहिए जवाब
भाजपा नेताओं ने सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया। ऐसा करने वालों में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह भी शामिल थे। इधर दिल्ली से लौटे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राहुल गांधी को ट्रोल करने वालों पर भड़क उठे। उन्होंने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह उत्तर प्रदेश के चुनाव में कहते हैं कि इंटर के बाद 10 वीं में एडमिशन लेगा । कभी होता है ऐसा। सीएम भूपेश ने कहा, कभी-कभी जुबान फिसल जाती है, लेकिन उन लोगों ने सुधारा नहीं। राहुल गांधी को तो एक सेकंड भी नहीं लगा। उन्होंने तुरंत सुधार लिया। फ्लो में बोल रहे थे। दूध के बारे में बात हो रही थी, उसके बाद आटे पर आए तो लीटर में बोल गए तो आप उनके पीछे पड़े हैं। देश की मूल समस्या पर विपक्ष के नेता यदि कोई बात कहते हैं, तो गंभीरता से उसका जवाब देना चाहिए। उसकी हंसी नहीं उड़ाना चाहिए।
पीएम मोदी की गलती क्यों नहीं सुधारते
रायपुर हवाई अड्डे पर प्रेस से बातचीत में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, भाजपा के लोग तो सुन रहे हैं ना। एक-एक शब्द सुन रहे हैं। फिर राहुल गांधी की कही हुई बात को मान क्यों नहीं लेते। महंगाई बढ़ी है। जनता परेशान है। कम से कम उसे कम कर दो। सस्तेमें पेट्रोल, डीजल रसोई गैस मिल जाएगा। आज कोई रसोई गैस की रिफलिंग करा रहा है क्या? मुख्यमंत्री ने कहा, राहुल ने अपनी बात को सुधार लिया। प्रधानमंत्री विदेश में जाते हैं और कहते हैं कि 600 करोड़ मतदाताओं ने वोट डाला है। भारत की जनसंख्या ही 135 करोड़ है और 600 करोड़ मतदाता कहां से कर लिए। इसके बारे में भाजपा नेता कुछ नहीं कहते।




