रायपुर। देश के 16वें राष्ट्रपति के लिए आज मतदान शुरू हो गया है। प्रदेश के 90 विधायक विधानसभा भवन के समिति कक्ष क्रमांक-2 में बनाए गए मतदान केंद्र में वोट डालेंगे। मतदान का समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। मतों की गिनती 21 जुलाई को नई दिल्ली में होगी। भारत निर्वाचन आयोग ने छत्तीसगढ़ के लिए राकेश रंजन को ऑब्जर्वर बनाया है। रविवार को रायपुर पहुंचकर उन्होंने चुनावी व्यवस्थाओं को देखा। छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी पी. दयानंद, अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी शिखा राजपूत तिवारी, विधानसभा के सचिव एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर दिनेश शर्मा और दिनेश त्रिवेदी तथा सहायक मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रुपेश वर्मा सहित अन्य अफसरों को चुनाव से संबंधित आवश्यक निर्देश दिए गए।

राष्ट्रपति पद के लिए एनडीए से द्रौपदी मुर्मू तथा यूपीए से यशवंत सिन्हा उम्मीदवार हैं। चुनाव के लिए भाजपा-कांग्रेस ने भी अपनी-अपनी तैयारी करते हुए विधायकों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। रविवार को सीएम हाउस में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मौजूदगी और भाजपा कार्यालय में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक की उपस्थिति में विधायकों की बैठक हुई थी। विधायकों को बताया गया है कि मतदान में अपने पसंद के प्रत्याशी के आगे सिर्फ सीधी लाइन खिंचनी है। किसी भी प्रकार की डिजाइन नहीं बनाना है। सीधी लाइन भी मतदान के लिए मिले विशेष पेन से ही खींची जाएगी। विधायकों को हिदायत दी गई है कि वे मतदान केंद्र में मोबाइल फोन लेकर नहीं जाएं। विधायकों को गुलाबी रंग का मत पत्र और सांसदों को हरे रंग का मतपत्र दिया जाएगा। प्रदेश के सभी सांसद संसद भवन में वोट डालेंगे। छत्तीसगढ़ में मतदान खत्म होने के बाद सीलबंद मतपेटी (बैलेट बॉक्स) रात 9 बजे के विमान से दिल्ली भेजी जाएगी।




