कलेक्टर को जांच कर दोषियों के विरूद्ध कार्यवाही के दिए निर्देश
घायल बच्चों के समुचित इलाज और देख-भाल के दिए निर्देश
रायपुर। महिला बाल विकास मंत्री श्रीमती अनिला भेंडिय़ा ने बालोद के भैसबोड आंगनबाड़ी केन्द्र में बच्चों के घायल होने को गम्भीरता से लेते हुए कलेक्टर को घटना की जांच कर दोषियों के विरूद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। श्रीमती भेंडिय़ा ने घायल बच्चों के समुचित इलाज और देख-भाल के निर्देश भी कलेक्टर को दिए हैं। उन्होंने इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो यह सुनिश्चित करने को कहा है।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन अमले ने तुरंत 108 एंबुलेंस के माध्यम से बच्चों को जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में बच्चों का इलाज किया जा रहा है।
बता दे कि बालोद जिले में आज सुबह बड़ा हादसा हो गया है। यहां के ग्राम भैसबोड़ में एक आंगनबाड़ी केन्द्र की दीवार पर लगे टाइल्स भरभरा कर गिर गए। जैसे ही टाइल्स गिरे अफरातफरी मच गई। इससे आंगनबाड़ी में बैठे चार बच्चों के सिर पर चोटें आई हैं। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से दो बच्चों को ज्यादा चोट आई है। मौके पर एंबुलेंस को बुलाकर बच्चों को अस्पताल रवाना किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना भैंसबोड के आंगनबाड़ी में सुबह 10 बजे की है। आंगनबाड़ी में बच्चे पढ़ रहे थे इस दौरान आंगनबाड़ी की दीवार से लगे टाइल्स गिरने लगे। दीवार की ऊपरी हिस्से से लेकर दूसरी दीवार के टाइल्स गिरने लगे। ऊपर से गिर रहे टाइल्स बच्चों के सिर पर गिरे इससे चार बच्चों के सिर पर चोट आई। जैसे ही टाइल्स गिर रहे थे बच्चों के साथ केन्द्र की संचालक बाहर निकल गए।
आंगनबाड़ी केन्द्र में गिरे टाइल्स के टुकड़े
घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाने सुबह 10:30 बजे एंबुलेंस पहुंची। एंबुलेंस से बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं आंगनबाड़ी की दीवार के टाइस्ल गिरने से यहां के लोगों में काफी आक्रोश है। लोगों ने टाइल्स लगाने वाले ठेकेदार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। यहां खनिज न्यास निधि के तहत लाखों खर्च कर टाइल्स लगाए गए थे। जिस प्रकार यह हादसा हुआ इससे टाइल्स लगाने वाले ठेकेदार की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।




