कोंडागांव (एजेंसी)। कोंडागांव जिले में रविवार को भीषण सड़क हादसा हो गया है। हादसे में 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। स्कॉर्पियो और ऑटो की टक्कर से ये हादसा हुआ है। हादसे में 9 से ज्यादा लोग गंभीर रू्प से घायल हुए हैं। जिन्हें रायपुर रेफर किया गया है।
Chhattisgarh | Seven dead, nine injured in a road accident near Borgaon in Kondagaon Tehsil, Bastar: P Sundarraj, Bastar IG
— ANI (@ANI) September 19, 2021
हादसा इतना जबरदस्त था कि स्कॉर्पियों और ऑटो के परखच्चे उड़ गए हैं। मृतकों के शरीर भी सड़क पर ही पड़े रहे। आसपास के लोगों को जब खबर लगी तब इसकी जानकारी पुलिस को दी गई है। हादसा कोंडागांव जिले के बोरगांव के पास हुआ है। बताया गया है कि सभी ऑटो सवार पांडे आठगांव से गोड़मा जा रहे थे। ऑटो में महिला-बच्चों समेत 16 लोग सवार थे। इधर, स्कॉर्पियो में भी कुछ लोग सवार थे। अचानक बोरगांव के पास दोनों गाडिय़ों की टक्कर हो गई।
पता चला है कि स्कॉर्पियो सवार लोग झारखंड से जगदलपुर की ओर आ रहे थे। आसपास के लोगों ने बताया है कि मरने वालों में कुछ महिलाएं, बच्चे और पुरुष शामिल हैं। घायलों को इलाज के लिए पहले फरसगांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहां से घायलों की स्थिति देखते हुए रायपुर भेजा जा रहा है। पुलिस की टीम फिलहाल मौके पर पहुंच कर जांच कर रही है। वहीं दोनों गाडिय़ों की अचानक टक्कर कैसे हुआ, यह भी अभी पता नहीं चल सका है।




