भिलाई (श्रीकंचनपथ न्यूज़)। पीसीसी मुख्यालय राजीव भवन में कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक शुरू हो गई है। इस बैठक में चुनाव अभियान को गति देने और इसमें संगठन की भूमिका को तय किया जाएगा। इसके साथ ही चुनाव को लेकर रणनीति भी तैयार की जाएगी। इसी के अनुरूप पार्टी पदाधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय होगी। बैठक में सीएम भूपेश बघेल, छत्तीसगढ़ कांग्रेस की प्रभारी कुमारी सैलजा, पीसीसी चीफ दीपक बैज, डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू व प्रभारी सचिव चंदन यादव समेत अन्य लोग मौजूद हैं।

इस अहम् बैठक के बाद देर रात चुनाव समिति की बैठक भी होने की जानकारी है। बताया जाता है कि वर्तमान बैठक में विधानसभा क्षेत्रानुसार सूची तैयार की जाएगी। इसी सूची पर चुनाव समिति की बैठक में चर्चा होगी और अपनी रजामंदी के साथ दिल्ली भेजेगी। बताया गया है कि जिन सीटों पर इकलौते नाम ाए हैं, उन सीटों पर सर्वप्रथम चर्चा होगी और चुनाव समिति इस पर फैसला करेगी। संभव हुआ तो इसमें और भी नाम जोड़े जाएंगे, अन्यथा इकलौते नाम को ही फायनल कर दिया जाएगा। आज की इस महत्वपूर्ण बैठक को निर्णायक चुनावी एक्सरसाइज माना जा रहा है।
बताया जाता है कि पार्टी ने ब्लाक स्तर पर मंगवाए गए आवेदनों को जिला कमेटी को भेजना था, इसके बाद जिला कमेटी को 5-5 नामों का पैनल बनाकर पीसीसी को भेजने थे। लेकिन कई क्षेत्रों में हुए विवाद के बाद पीसीसी ने ब्लाक और जिला स्तर पर आए दावेदारों के नामों पर एकसाथ चर्चा प्रारम्भ की। इससे पहले ब्लाक व जिला स्तर के दावेदारों के नाम वाले लिफाफों को खोला गया। बताया जाता है कि एकल नामों के बाद जिला अनुसार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के नामों पर चर्चा हुई। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, जिलों से मिले नामों को शार्टलिस्ट कर दो-दो नामों का पैनल इन पंक्तियों के लिखे जाने तक बनाया जा रहा था। बैठक में मौजूद लोगों की मंशा थी कि एक-एक नाम पर सहमति बना ली जाए। क्योंकि बैठक में सभी 90 सीटों को लेकर माथापच्ची चलनी है, इसलिए बैठक के देर रात तक चलने की संभावना है।
चुनाव समिति की बैठक समिति में अध्यक्ष दीपक बैज समेत मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत, डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव और आठ मंत्री शामिल हुए। इनमें ताम्रध्वज साहू, रविन्द्र चौबे, मोहम्मद अकबर, अनिला भेडिय़ा, जयसिंह अग्रवाल, मोहन मरकाम, रुद्रगुरु और शिव डहरिया शामिल हैं। इनके अलावा प्रदेश सहप्रभारी विजय जांगिड़, प्रभारी सचिव चंदन यादव, विधायक धनेन्द्र साहू, सत्यनारायण शर्मा, अमितेश शुक्ल, विकास उपाध्याय, राजेश तिवारी, पारस चोपड़ा, युकां अध्यक्ष आकाश शर्मा, एनएसयूआई अध्यक्ष नीरज पाण्डेय, सेवा दल प्रमुख और महिला कांग्रेस पद से इस्तीफा देने के बावजूद फूलोदेवी नेताम बैठक में शामिल होंगे।




