मुंबई (एजेंसी)। महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नवाब मलिक ने शुक्रवार रात एक गुप्त ट्वीट में कहा कि उन्हें पता चला है कि कुछ सरकारी मेहमान जल्द ही उनसे मिलने आ रहे हैं। एनसीपी नेता ने ट्वीट कर कहा, साथियों, सुना है, मेरे घर आजकल में सरकारी मेहमान आने वाले हैं। हम उनका स्वागत करते हैं। डरना मतलब रोज रोज मरना है। हमें डरना नहीं, लडऩा है। गांधी लड़े थे गोरों से, हम लड़ेंगे चोरों से।
साथियों, सुना है, मेरे घर आज कल मे सरकारी मेहमान आने वाले है, हम उनका स्वागत करते है.
— Nawab Malik نواب ملک नवाब मलिक (@nawabmalikncp) December 10, 2021
डरना मतलब रोज रोज मरना, हमे डरना नहीं, लड़ना है,
गांधी लड़े थे गोरों से, हम लड़ेंगे चोरों से.
महाराष्ट्र के मंत्री ने पिछले महीने दावा किया था कि कुछ अज्ञात लोगों ने यहां उनके आवास की रेकी करने की कोशिश की और उनके और उनके परिवार के सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि कुछ केंद्रीय एजेंसियां उन्हें झूठे मामलों में फंसाने की कोशिश कर रही हैं।
मलिक ने नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) और उसके मुंबई जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े को तब निशाना बनाया था जब अक्टूबर में ड्रग रोधी एजेंसी ने एक क्रूज जहाज पर छापा मारा था और कुछ प्रतिबंधित पदार्थ बरामद होने का दावा किया था।
इस मामले में बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के बेटे आर्यन और कुछ अन्य को गिरफ्तार किया गया था। बाद में उन्हें हाईकोर्ट से जमानत मिल गई। मलिक ने दावा किया था कि एनसीबी द्वारा की गई छापेमारी आर्यन खान से पैसे निकालने की एक चाल थी।




