रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित हो रहे राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव के दूसरे दिन वह माहौल बना, जिससे इस आयोजन की सार्थकता नजऱ आयी। यहाँ दूसरे दिन विदेशी कलाकारों की प्रस्तुति की अंतिम कड़ी में नाइजीरिया के कलाकारों ने पेशकश दी। इन कलाकारों ने मंत्रमुग्ध करने वाली ताल के साथ नृत्य तो किया ही, इसके साथ ही अंतिम दौर में कलाकारों ने राज्य के मंत्रीगणों व अन्य अतिथियों को भी मंच पर अपना साथ देने के लिए आमंत्रित किया।


नाइजीरियाई कलाकारों के आग्रह पर मंच पर पहुंचे अतिथियों ने भी उनकी उम्मीदों के अनुरूप साथ निभाया। इस दौरान संस्कृति मंत्री श्री अमरजीत भगत से लेकर मौजूद अन्य मंत्री व अतिथियों ने कलाकारों के साथ ताल-से-ताल मिलायी, तो साज में भी साथ निभाया। उनके रंग में रंगते हुए इन अतिथियों ने भी नाइजीरियाई कलाकारों की तरह ही नृत्य कर कार्यक्रम में पहुँचे दर्शकों को भी भाव-विभोर कर दिया। यह नजारा देख दर्शक दीर्घा में मौजूद लोग भी झूमने लगे। छत्तीसगढ़ से मिले इस प्यार से अभिभूत नाइजीरियाई कलाकारों ने कई बार छत्तीसगढिय़ा-सबले बढिय़ा का नारा गुंजायमान किया।




