जगदलपुर। दंतेवाड़ा में नक्सलियों की एक और कायराना हरकत सामने आई। यहां नक्सलियों ने एक अंडरकवर सैनिक की गला रेत कर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को गांव में फेंक दिया। बुधवार की सुबह डीआरजी के जवानों ने शव को बरामद किया है। दंतेवाड़ा एसपी डॉ अभिषेक पल्लव ने घटना की पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने नुकीले हथियार से अंडर कवर सैनिक की गला रेत कर हत्या की।

मिली जानकारी के मुताबिक नक्सल प्रभावित टेटम गांव निवासी अंडरकवर सैनिक उमेश पटेल की नक्सलियों ने हत्या कर दी। नक्सलियों का आरोप है कि उमेश पटेल टेटम में पुलिस कैंप स्थापित करवा रहा था। इसके लिए मौत की सजा दी है। बताया जा रहा है कि मंगलवार-बुधवार की देर रात कटेकल्याण एरिया कमेटी के नक्सलियों ने इस घटना को अंजाम दिया है। एसपी अभिषेक पल्लव ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि अंडर कवर सैनिक का शव पुलिस कैंप लाया जा रहा है।




