भिलाई। जिले में अपराधियों के हौशले इतने बुलंद हो गए हैं अब वे जेल परिसर में जेल के अधिकारियों को ही निशाना बनाने लगे हैं। गुरुवार तड़के दुर्ग केन्द्रीय जेल के असिस्टेंट जेलर अशोक साव के सरकारी आवास मे हमला हुआ। यहां पर अज्ञात हमलावरों ने जमकर उत्पात मचाया। इस मामले में असिस्टेंट जेलर अशोक साव द्वारा पद्मनाभपुर चौकी में शिकायत दर्ज कराई गई है।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार तड़के 3 से 4 बजे के बीच जेल परिसर स्थित असिस्टेंट जेलर अशोक साव के आवास के बाद बदमाश पहुंचे और जोर जोर से चिल्लाते हुए धमकी दे रहे थे। इस दौरान बदमाश बाहर निकल देख लेंगे, जिसको बुलाना है बुला लो जैसी बाते कह रहे थे। यहीं नहीं बदमाशों ने मकान के बाहरी हिस्से में तोडफ़ोड़ भी की।
बताया जा रहा है अज्ञात हमलावरों ने असिस्टेंट जेलर के घर पर हमले के दौरान उन्हें जान से मारने की भी धमकी दी है। घटना को लेकर यह बात भी सामने आई है कि बदमाश जब पहुंचे तो वे बाहर से कह रहे थे कि बाहर निकल जान से मार देंगे। जेलर के घर पर बदमाशों का उत्पात करीब आधे घंटे तक चलने की बात कही जा रही है। इसके बाद बदमाश वहां से भाग गए।
निरीक्षण के लिए पहुंची टीम
इधर घटना की शिकायत दर्ज होने के बाद गुरुवार सुबह 11 बजे दुर्ग पुलिस की टीम असिस्टेंट जेलर के घर पर पहुंची और जांच किया है। पुलिस ने घर में जगह जगह जांच की। कांच को बदमाशों ने पत्थर मारकर तोड़ा था। घर पर जब पुलिस पहुची खिड़की से लगा एक सिलाई मशीन भी उल्टा पड़ा हुआ था। मौके की बारिकी से जांच की गई। यही नहीं पुलिस जेल परिसर व आसपास लगे सीसी टीवी फुटेज भी जांच कर रही है।




