नई दिल्ली। नागरिक विमानन मंत्रालय ने कोरोना महामारी के बाद घरेलू उड़ानों पर लगाई पाबंदी में राहत दे दी है। 18 अक्तूबर से घरेलू व्यावसायिक उड़ानों में यात्रियों की क्षमता को लेकर लागू पाबंदियां हटा ली जाएंगी। इससे उड़ानों का संचालन पूरी क्षमता से किया जा सकेगा।
सितंबर में सरकार ने घरेलू उड़ानों की यात्री क्षमता 72.5 फीसदी से बढ़ाकर 85 फीसदी कर दी थी। अब अगले सोमवार से शत प्रतिशत क्षमता के साथ देश में उड़ानों का संचालन किया जा सकेगा। यानी अब घरेलू उड़ानों में पहले की तुलना में अधिक यात्री सफर कर सकेंगे।
कोविड अनुकूल व्यवहार का पालन कराना होगा
पूर्ण यात्री क्षमता से उड़ानों के संचालन की इजाजत देने के साथ ही मंत्रालय ने एयर लाइंस व एयरपोर्ट आपेरटरों से यह भी कहा है कि वे कोविड-19 को फैलने से रोकने के उपाय सुनिश्चित करें और यात्रा के दौरान कोविड अनुकूल व्यवहार का कठोरता से पालन कराएं।
महामारी के कारण एयरलाइंस को हुआ भारी नुकसान
कोरोना महामारी की वजह से विमानन उद्योग पर काफी असर पड़ा है। लॉकडाउन के चलते कंपनियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। पिछले साल विमान सेवाओं का संचालन रोक दिया गया था। कई महीने तक सेवा बंद रहने के बाद घरेलू उड़ान सेवाएं शुरू तो हुईं, लेकिन यात्री संख्या को 50 फीसदी कर दिया गया था।




