नई दिल्ली (एजेंसी)। अग्निपथ योजना पर विपक्ष आगबबूला हो रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी, बसपा सुप्रीमो मायावती व सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार से योजना पर पुनर्विचार की मांग की, वहीं पीलीभीत से भाजपा के सांसद वरुण गांधी ने अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। वहीं, सरकार ने कहा, देश के युवा किसी के बहकावे में न आएं। योजना युवाओं को गौरवपूर्ण भविष्य का अवसर प्रदान करेगी।
अग्निवीर राष्ट्र की अमूल्य निधि
मां भारती की सेवा हेतु संकल्पित अग्निवीर राष्ट्र की अमूल्य निधि होंगे व यूपी सरकार अग्निवीरों को पुलिस व अन्य सेवाओं में वरीयता देगी। किसी बहकावे में न आएं।
- योगी आदित्यनाथ, सीएम, उत्तर प्रदेश
युवाओं को सुनहरा मौका
युवाओं के लिए सुनहरा अवसर। उन्हें रोजगार के साथ ही देशसेवा का मौका मिलेगा।
- पुष्कर सिंह धामी, सीएम, उत्तराखंड
संयम की परीक्षा न लें
बेरोजगार युवाओं की आवाज सुनिए, इन्हें अग्निपथ पर चलाकर इनके संयम की अग्निपरीक्षा मत लीजिए, प्रधानमंत्री।
- राहुल गांधी, कांग्रेस
युवाओं में बढ़ेगा असंतोष
सरकार भी पांच सालों के लिए चुनी जाती है, फिर युवाओं को सिर्फ चार साल क्यों? देश के युवाओं के मन में कई सवाल हैं। सरकार अतिशीघ्र नीतिगत तथ्यों को स्पष्ट करे।
- वरुण गांधी, भाजपा सांसद
सुनहरा मौका, सही जानकारी होना जरूरी : अनुराग
यह योजना देश के लाखों युवाओं को सेना में सेवा देने का सुनहरा मौका है। सही जानकारी होना जरूरी है। अग्निपथ योजना लंबी चर्चा के बाद लाई गई है। देश की सेवा के साथ जमा दो का सर्टिफिकेट, प्रशिक्षण भी युवाओं को मिलेगा। चार साल बाद युवाओं के पास निजी, सरकारी सेक्टर, केंद्रीय सशस्त्र बलों में जाने का विकल्प रहेगा। दुनिया के कई देशों में इस तरह की योजना चल रही है। सेना के जानदार होने के लिए नौजवानों का बड़ा योगदान रहता है। उम्मीद है कि देशभर के नौजवान इसमें योगदान देंगे।
-अनुराग ठाकुर, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री





