अनूपपुर (एजेंसी)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। एक कार के पेड़ से टकरा जाने से इसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं दो अन्य लोग घायल हो गये। राजेन्द्र ग्राम पुलिस थाना प्रभारी नरेन्द्र पाल ने बताया कि यह घटना सुबह करीब साढ़े आठ बजे राजेन्द्र ग्राम के पास करौंदी तिराहे पर हुई।

घायलों को कराया गया भर्ती
पुलिस के मुताबिक पेड़ से टकराने के बाद कार के दो टुकड़े हो गए, जिससे इसमें सवार वर्षा श्रीवास्तव (19), सुबोध श्रीवास्तव (24) एवं मनु सिंह (20) की मौके पर मौत हो गई। पाल ने बताया कि इस हादसे में दो लोग सौरभ शर्मा (22) एवं दिव्यांशु श्रीवास्तव (22) घायल हो गए, जिन्हें स्वास्थ्य केंद्र, राजेन्द्र ग्राम में भर्ती कराया गया है।
आगे की सीट पर बैठे थे घायल
दोनों घायल आगे की सीट पर बैठे थे। हादसे के समय कार का एयर बैग खुलने से दोनों की जान बच गई। थाना प्रभारी नरेंद्र पाल ने बताया कि हादसे के वक्त ये लोग सौरभ शर्मा की नई कार में सवार होकर अनूपपुर से अमरकंटक नर्मदा दर्शन के लिए जा रहे थे।




