एंटरटेनमेंट डेस्क (एजेंसी)। निर्देशक विवेक अग्निहोत्री की फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ 11 मार्च को रिलीज कर दी गई है और यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कलेक्शन कर रही है। इस फिल्म की कहानी दर्शकों के दिल को छू रही है। ज्यादातर दर्शक फिल्म देखने के बाद बेहद भावुक हो जा रहे हैं ‘द कश्मीर फाइल्स’ को हरियाणा सरकार पहले ही टैक्स फ्री कर चुकी है और अब गुजरात सरकार की तरफ से भी इस फिल्म को राज्य में टैक्स फ्री कर दिया गया है।

गुजरात सरकार ने टैक्स फ्री की फिल्म
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक ‘द कश्मीर फाइल्स’ को गुजरात में टैक्स फ्री कर दिया गया है। यह जानकारी मुख्यमंत्री कार्यालय से आई है। हरियाणा सरकार पहले ही इस फिल्म को छह माह तक टैक्स फ्री कर चुकी है। ऐसे में विवेक अग्निहोत्री के लिए ये एक और अच्छी खबर है।
Gujarat makes the film The Kashmir Files tax-free in the State: Chief Minister's Office
— ANI (@ANI) March 13, 2022
कश्मीरी पंडितों पर हुए जुल्मों की कहानी-है ‘द कश्मीर फाइल्स’
बॉलीवुड इंडस्ट्री में कश्मीर को लेकर अब तक कई फिल्में बन चुकी हैं लेकिन यह पहली बार है, जब किसी निर्देशक ने कश्मीर का सबसे संवेदनशील मुद्दा उठाया है। बरसों से जो दर्द कश्मीरी पंडितों के सीने में शूल की तरह चुभ रहा था, इस फिल्म के जरिए वह अब सबके सामने आ गया है। ‘द कश्मीर फाइल्स’ फिल्म कश्मीरी पंडितों पर हुए जुल्मों और उनके बेघर होने की कहानी दिखाती है। फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे आतंकवादियों ने कश्मीरी पंडितों को अपने ही घरों को छोड़कर पलायन करने को मजबूर किया।
फिल्म में हैं कई दिग्गज कलाकार
द कश्मीर फाइल्स में अनुपम खेर और मिथुन चक्रवर्ती जैसे दिग्गज कलाकार हैं। इसके अलावा फिल्म में पल्लवी जोशी, दर्शन कुमार, चिन्मय मंडलेकर, पुनीत इस्सर, भाशा सुम्बली जैसे कलाकार भी हैं। द कश्मीर फाइल्स में अनुपम खेर के अभिनय को सभी की सराहना मिल रही है।




