सीहोर (एजेंसी)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के आष्टा के एक परिवार की कार आज तड़के शुजालपुर मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, वहीं दो माह की बच्ची की मौत हो गयी। यह परिवार उत्तर प्रदेश से सगाई समारोह करके वापस लौट रहा था।
यूपी में सगाई से लौट रहे थे
पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले के आष्टा नगर के बड़ा बाजार क्षेत्र में रहने वाले माथुर परिवार के सदस्य सगाई कार्यक्रम संपन्न कर उत्तर प्रदेश से वापस आष्टा लौट रहे थे। तड़के आष्टा-शुजालपुर मार्ग पर कार अनियंत्रित होकर रोड से नीचे उतर कर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। दुर्घटना में कार सवार माथुर परिवार के प्रदीप माथुर, संध्या, रानी गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें सिविल अस्पताल आष्टा से प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया। इस घटना में कार में सवार माथुर परिवार के तीन अन्य सदस्य भी घायल हुए जिन्हें मामूली चोट आई है।
घायलों का इंदौर के अस्पताल में इलाज
वहीं, इस घटना में दो माह की एक बच्ची की दुखद मौत हो गई जिसका आष्टा में अंतिम संस्कार किया गया। घटना में गंभीर तीनों घायलों को इंदौर रेफर किया गया। इन तीनों का इंदौर के एक निजी अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि ये सभी एक ही परिवार के सदस्य है। तथा सगाई समारोह करके वापस लौट रहे थे।




