बाराबंकी (एजेंसी)। बाराबंकी जिले के रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र में लुधियाना, पंजाब से यात्रियों को भरकर बिहार जा रही एक डबल डेकर निजी बस में ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई और 25 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस बचाव कार्य में जुटी है। एडीजी, लखनऊ जोन सत्य नारायण साबत ने बताया कि इस हादसे में 18 लोग मारे गए हैं। बस के नीचे फंसे शवों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। 19 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया गया है कि लुधियाना से सवारियां भरकर बिहार जा रही एक निजी डबल डेकर बस जिले में रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गई। मंगलवार देर रात बस अयोध्या हाईवे पर खराब हो गई। इस दौरान पीछे से आए एक तेज रफ्तार ट्रक ने बस में टक्कर मार दी। जिस समय हादसा हुआ उस समय भारी बारिश होने के चलते बचाव कार्य में भी समस्या आई है। मौके पर पहुंची पुलिस सभी घायलों को अस्पताल ले जाने के साथ मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बड़ी मशक्कत के बाद बस के यात्रियों को बाहर निकालने में सफलता पाई। राहत और बचाव का काम अभी जारी है।
PM Narendra Modi announced an ex-gratia of Rs 2 lakhs each from PMNRF for the next of kin of those who lost their lives in the tragic accident in Barabanki, UP. The injured would be given Rs 50,000 each: PMO https://t.co/UOAcVeySHk pic.twitter.com/fC17CFKF6C
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) July 28, 2021
इस घटना के बाद हाईवे जाम रहा और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त है। मृतकों में सभी लोग बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी है। एसपी यमुना प्रसाद ने बताया कि पुलिस घायलों को अस्पताल पहुंचा रही है। मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। एसपी ने बताया कि हाईवे पर बस खराब हो गई थी जिसके चलते बस के कुछ यात्री बस में अंदर व वह कुछ बाहर टहल रहे थे। इस दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाराबंकी में हुए दुखद हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के लिए PMNRF से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की गई है। घायलों को 50,000 रुपये की सहायता दी जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि शोकाकुल परिवारों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। अभी मुख्यमंत्री योगी से भी बात हुई है। सभी घायल साथियों के उचित उपचार की व्यवस्था की जा रही है।




