जयपुर (एजेंसी)। राजस्थान में भरतपुर की भाजपा सांसद रंजीता कोली के घर के बाहर मंगलवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग की। जानकारी के मुताबिक, फायरिंग करीब रात 12 बजे हुई। इस घटना के बाद सांसद का परिवार दहशत में है। फायरिंग की आवाज सुन सांसद और उनके परिवार के लोग घर के बाहर आए। बाहर आकर उन्होंने देखा कि एक पोस्टर दरवाजे पर चिपका हुआ है, जिस पर जिंदा कारतूस भी चिपका हुआ था। पुलिस ने इस बात की जानकारी दी।
मौके पर धमकी भरा पत्र मिला
पुलिस ने बताया कि मौक पर एक जिंदा कारतूस भी पड़ा था। इसके साथ ही एक धमकी भरा पत्र भी मिला। पत्र में लिखा था, दलित है दलित बनकर रह। सारी सांसद गिरी निकाल देंगे। पहले एक बार छोड़ दिया तो नहीं मानी। औकात में रह, तेरे को न तो अम्बेडकर बाबा साहब बचाएगा और न ही मोदी और शाह बचाएंगे। यह तो सिर्फ एक ट्रेलर है… अगली बार तेरे अंदर गोलियां भर देंगे। पुलिस ने कहा कि इस मामले में आगे की जांच जारी है।
सांसद की तबीयत बिगड़ी
वहीं, इसी बीच सांसद की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बुधवार सुबह मेडिकल बोर्ड ने सांसद के स्वास्थ्य की जांच की। उन्हें उच्च रक्तचाप की शिकायत है। पुलिस अधीक्षक देवेंद्र बिश्नोई ने बताया कि फायरिंग करने वालों की तलाश शुरू की गई है। सांसद को पूरी सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। इससे पहले 27 मई, 2021 की रात को सांसद की गाड़ी पर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया था।




