श्रीकंचनपथ न्यूज डेस्क
रायपुर/भिलाई। सरकारी तेल कंपनियां लगातार पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी कर रही हैं। गुरुवार को भी पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 33-37 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढऩे के बाद राजधानी रायपुर व दुर्ग भिलाई में गुरुवार को पेट्रोल 104.32 रुपए प्रति लीटर व डीजल 102.96 रुपए प्रतिलीटर तक पहुंच गया है। एक दिन पहले यहां पेट्रोल 103.99 रुपए व डीजल 102.59 रुपए प्रतिलीटर था।

इस महीने 21 दिन में पेट्रोल-डीजल 16 बार महंगे हो चुके हैं। वहीं इस साल 1 जनवरी अब तक पेट्रोल व डीजल पर 22 रुपए से ज्यादा की बढ़ोत्तरी की जा चुकी है। अक्टूबर माह में अब तक पेट्रोल पर 5 रुपए और डीजल पर 5.50 रुपए तक कीमतें बढ़ गई हैं। पेट्रोल डीजल पर बढ़ती कीमतों ने आम लोगों को बुरी तरह से प्रभावित किया है।
कीमतों की बात की जाए तो गंगानगर में पेट्रोल की दर सर्वाधिक 118.69 रुपए प्रतिलीटर है वहीं यहां पर डीजल 109.50 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में 117.99 रुपए पेट्रोल व 107.13 रुपए डीजल प्रतिलीटर दाम है।
इसी प्रकार मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में प्रतिलीटर पेट्रोल 115.17 रुपए और डीजल 104.52 रुपए बिक रहा है। इसके अलावा जयपुर में पेट्रोल 113.74 रुपए व डीजल 104.96 रुपए, मुंबई में पेट्रोल 112.44 रुपए व डीजल 103.26 रुपए तथा दिल्ली में पेट्रोल के दाम 106.54 रुपए और डीजल के दाम 95.27 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गए हैं।
85 डॉलर के पार बना हुआ है कच्चा तेल
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल 85 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है। इससे पहले साल 2018 में कच्चा तेल 85 डॉलर पर पहुंचा था। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में कच्चा तेल 90 डॉलर तक जा सकता है। इससे पेट्रोल-डीजल और महंगे हो सकते हैं।
32 राज्यों में पेट्रोल और 16 राज्यों में डीजल 100 के पार
देश के 29 राज्यों में पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर के पार पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दमन और दीव, छत्तीसगढ़, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, आंध्र प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, कर्नाटक, मणिपुर, नागालैंड, पुडुच्चेरी, तेलंगाना, पंजाब, सिक्किम, ओडिशा, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा, मिजोरम, झारखंड, गोआ, असम, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल, उत्तराखंड, मेघालय, दादरा और नगर हवेली और राजस्थान में पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर के ऊपर है। वहीं डीजल की बात करें तो मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, उड़ीसा, तेलंगाना, बिहार, गुजरात, महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, केरल, कर्नाटक, गोआ, दादरा और नगर हवेली, तमिलनाडु और राजस्थान में कई जगहों पर ये भी 100 रुपए प्रति लीटर के ऊपर है।




