सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा में सीआरपीएफ 50 बटालियन कैंप दिल दहला देने वाली वारदात हुई। कैंप के एक जवान ने अपने ही साथियों पर एके-47 से फायरिंग कर दी। इस घटना में चार जवानों की मौत हो गई तो तीन घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीआरपीएफ कैंप के जिस जवान पर साथियों पर गोली चलाने का आरोप है, वह देर रात नक्सली क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान जवानों के बीच कुछ विवाद हो गया, जो हिंसा में बदल गया। इसके बाद सीआरपीएफ जवान आपे से बाहर हो गया और उसने गोलीबारी शुरू कर दी।

मिली जानकारी के मुताबिक, घटना कोंटा विकासखंड के ग्राम लिंगनपल्ली स्थित 217 बटालियन कैंप की है। देर रात करीब 3.15 बजे सीआरपीएफ जवान रितेश रंजन ने अपने साथियों पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से 2 जवानों की मौके पर ही मौत हो गई। इसी कैंप में 85वीं बटालियन के जवानों का भी कैंप है। देर रात गोली चलने से हड़कंप मच गया। अन्य जवान दौड़ कर मौके पर पहुंचे। इसके बाद अफसरों को जानकारी दी गई। घायल जवानों को तेलंगाना में भद्राचलम के अस्पताल ले जाया गया। वहां पर इलाज के दौरान 3 ने दम तोड़ दिया।
घटना में मारे गए जवान बिहार और पश्चिम बंगाल के रहने वाले
फायरिंग की घटना में मारे गए 2 जवान बिहार के रहने वाले थे, जबकि 1 पश्चिम बंगाल का निवासी था। चौथे जवान को लेकर अभी जानकारी नहीं मिल सकी है। मृतक जवानों में बिहार निवासी धांजी और राजमणि कुमार यादव व पश्चिम बंगाल निवासी राजीब मंडल के अलावा एक अन्य जवान धर्मेंद्र कुमार शामिल हैं। इनके अलावा जवान धर्मेंद्र कुमार सिंह, धर्मात्मा कुमार और मालया रंजन महाराणा घायल हैं।
आईजी ने कहा: आरापी जवान पुलिस गिरफ्त में
बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया कि लिंगनपल्ली गांव में स्थित सीआरपीएफ की 50वीं बटालियन के शिविर में जवान रितेश रंजन ने अपने साथियों पर गोली चला दी है। उन्होंने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि आज तड़के करीब 3.15 बजे जवान रितेश ने विवाद के बाद अपनी एके-47 राइफल से अन्य जवानों पर गोली चला दी। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही अन्य जवान और अधिकारी वहां पहुंच गए। अधिकारियों और जवानों ने आरोपी जवान को पकड़ा तथा घायल जवानों को तेलंगाना के भद्राचलम जिले के अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि चिकित्सकों ने चार जवानों को मृत घोषित कर दिया जबकि तीन जवानों का इलाज किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री बघेल ने कहा दुर्भाग्यजनक घटना, मृतक जवानों के प्रति जताई संवेदना
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सुकमा जिले के मरईगुड़ा लिङ्गलपल्ली सीआरपीएफ कैम्प में एक जवान द्वारा फायरिंग की घटना में 4 जवानों की मृत्यु की दुर्भाग्य जनक घटना पर गहरा दु:ख प्रकट किया है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो इसके लिए सभी आवश्यक उपाय किए जाएं। श्री बघेल ने घटना में मृतक जवानों के प्रति शोक संवेदना प्रकट की है। मुख्यमंत्री ने इस घटना में घायल जवानों के बेहतर इलाज के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।




