वर्ल्ड डेस्क/दुबई (एजेंसी)। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने सप्ताह में काम के अपने आधिकारिक समय में कटौती करने का फैसला लिया है। अब यहां कर्मचारियों को पांच की जगह साढ़े चार दिन काम करना होगा। सप्ताहांत का अवकाश शुक्रवार की दोपहर से शुरू होगा और शनिवार व रविवार तक रहेगा। यह जानकारी सरकारी अधिकारियों ने मंगलवार को दी।
एक जनवरी 2022 से देश में सरकारी निकायों के लिए नेशनल वर्किंग वीक व्यवस्था का पालन करना अनिवार्य हो जाएगा। इस व्यवस्था के बाद मुस्लिम समुदाय के लिए नमाज अदा करने के लिए होने वाले शुक्रवार को पूरे दिन के अवकाश की व्यवस्था पर रोक लगा जाएगी। यूएई ने इसे दुनिया में सबसे छोटे काम करने के सप्ताह की व्यवस्था बताया है।
पहला खाड़ी देश होगा जहां शुक्रवार-शनिवार को छुट्टी नहीं होगी
इस फैसले के साथ ही यूएई पहला ऐसा खाड़ी देश बन जाएगा जहां शुक्रवार-शनिवार वीकेंड की व्यवस्था नहीं होगी। लेकिन इस व्यवथा के साथ ही वह गैर अरब दुनिया की पंक्ति में जरूर शामिल हो जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि यूएई सरकार का यह कदम यहां सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने में मददगार साबित होगा।
काम के लिए तय सबसे छोटा सप्ताह बनाने वाला देश बना यूएई
सरकारी समाचार एजेंसी डब्ल्यूएएम ने इसे लेकर कहा कि यूएई दुनिया का पहला ऐसा देश बन गया है जिसने वैश्विक स्तर की व्यवस्था (सप्ताह में पांच दिन काम) के मुकाबले काम के लिए निर्धारित सबसे छोटा सप्ताह बनाया है। यह कदम यहां के कर्मचारियों को काम और निजी जीवन के बीच बेहतर संतुलन बनाने का अवसर प्रदान करेगा।
यूएई को वैश्विक बाजार के साथ बेहतर तरीके से जोड़ेगा ये फैसला
डब्ल्यूएम की रिपोर्ट में कहा गया, आर्थिक दृष्टिकोण से यह नई व्यवस्था यूएई को वैश्विक बाजार के साथ कहीं बेहतर तरीके से जोड़ेगी। इसके साथ ही देश की आर्थिक प्रतिस्पर्धा को बेहतर करने के लिए हमारे प्रदर्शन को बढ़ाने में भी इससे मदद मिलेगी। इस फैसले से दुनिया के बाकी देशों के साथ देश की आर्थिक गतिविधियां भी बेहतर होंगी।




