सागर (एजेंसी)। सागर में रेलवे के निर्माणाधीन अंडर ब्रिज की मिट्टी धंसने से 2 लोगों की मौत हो गई, वहीं दो लोग हादसे में घायल हैं। कुछ और लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। घायलों का इलाज खुरई अस्पताल में जारी है।
जानकारी के अनुसार हादसा खुरई देहात थाना अंतर्गत सुमरेडी रेलवे स्टेशन के पास रेलवे फाटक क्रमांक 10 बी पर निर्माणाधीन अंडर ब्रिज का बताया जा रहा है। हादसे की सूचना पर रेलवे प्रबंधन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। हादसे की जानकारी मिलने पर सागर से घटनास्थल पर टावर वैगन भी अधिकारियों को लेकर रवाना हो गई है। सागर से एसडीआरएफ की टीम को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है।
सेक्शन इंजीनियर सहित दो की मौत
निर्माणाधीन अंडर ब्रिज की पुलिया धसकने से सेक्शन इंजीनियर सहित दो रेलवे अधिकारियों की मौत की खबर है। जबकि दो अन्य घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका इलाज खुरई अस्पताल में जारी है। घटना शुक्रवार रात की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार रात करीब 9:30 बजे अचानक निर्माणाधीन पुलिया की मिट्टी धंसक गई। हादसे के वक्त रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी पटरियों का निरीक्षण कर रहे थे। हादसे में सेक्शन इंजीनियर आरएस मीना और सुखराम अहिरवार की मौत हो गई है। मृतक सेक्शन इंजीनियर आरएस मीणा राजस्थान के सवाई माधोपुर और सुखराम अहिरवार कटनी जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।




