रायपुर। अंधेरा होने के बाद सड़क पर लोगों को लूटने वालों की तूती बोल रही है। अब इनके आतंक का शिकार एक जवान हुआ है। बस स्टैंड के पास मंगलवार को सुबह चार बजे सीएएफ जवान को चाकू अड़ाकर आरोपितों ने 3500 रुपए व मोबाइल लूट लिए। टिकरापारा पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 38 वर्षीय शोभा राम निषाद अपना सामान लेने सुबह चार बजे बस स्टैंड भाठागांव जा रहा था। रास्ते में दो अज्ञात आरोपितों ने रास्ता रोककर व चाकू अड़ाकर मोबाइल, पर्स व 3500 रुपए लूट लिए। साथ ही जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
घटना के बाद मामले की शिकायत प्रार्थी ने टिकरापारा थाने में दर्ज कराई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के आदेश के बाद घटनास्थल का सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया। जिसके आधार पर अज्ञात आरोपितों की जांच-पड़ताल की गई। फुटेज के आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की गई। जिसमें आरोपित शहनवाज खान पिता जावेद खान (22 वर्ष) निवासी ताजनगर को गिरफ्तार किया गया। आरोपित से लूट का सामान जब्त किया गया। दूसरा आरोपित अब तक नहीं पकड़ा गया है।





