भोपाल (एजेंसी)। मध्य प्रदेश में गरीबों के गेहूं में गड़बड़़ी नहीं करने के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सख्त निर्देशों के बाद भी नीमच में ऐसे तीन ट्रकों के राशन में गड़बड़़ी का मामला सामने आया है। सरकारी गोदामों से राशन निकलने के बाद वितरण दुकानों तक राशन नहीं पहुंचने की शिकायत सामने आने पर कलेक्टर ने जांच कराई है। इसमें एफआईआर दर्ज हुई है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राजगढ़ में गरीबों के गेहूं में गड़बड़ी को लेकर अपने प्रवास के दौरान मंच से जिला आपूर्ति अधिकारी और अन्य लोग निलंबित करते हुए प्रदेश में गरीबों के राशन में गड़बड़ी नहीं होने के सख्त निर्देश दिए थे, मगर ऐसी गड़बड़ी को रुकने का सिलसिला जारी है। नीमच में सरकारी वेयर हाउस से सरकारी राशन निकलने के बाद रास्ते से ही गायब हो गया है। यह राशन गरीबों को बांटना था लेकिन यहां कहां गया किसी अधिकारी को जानकारी नहीं है। बताया जाता है कि मामला जिला कलेक्टर तक जाने के बाद उन्होंने जरूर इसमें जांच के आदेश दिए है। मामले में सबसे बड़ी बात यह है की, ऐसा एक बार नही बल्कि तीन बार हुआ। बताया जा रहा है की जिन राशन वितरण की दुकानों पर यह सरकारी राशन पहुंचना था। अलग-अलग दुकानों से शिकायत मिलने के बाद जब विभाग ने जांच की तो मामला पकड़ में आया।
एक ही ट्रक से गायब हो रहा था राशन
खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारी राजू वर्मा की माने तो एक ही ट्रक से ऐसा किया जा रहा है। ट्रक क्रमांक एमपी 09 एच जी 0305 से राशन गायब होने की बात सामने आई है। इस ट्रक से पहले 25 जनवरी को जा रहा माल जहां पहुंचना था वहां नहीं पहुंचा। इसके बाद 27 जनवरी को भी ठीक ऐसा ही हुआ। इस बीच ग्राम मानलोद, बोरदिया और बिशनिया कलां के राशन वितरण दुकानों के संचालकों ने इसकी शिकायत की जिस पर खाद्य आपूर्ति विभाग ने जांच की तो मालूम हुआ कि वही ट्रक 29 जनवरी के दिन भी नागरिक आपूर्ति निगम के वेयर हाउस से सामान लेकर निकला है। जिसे बीच रास्ते में ही पकड़ लिया गया। विभाग ने इसमें रखा हुआ राशन भी जप्त कर लिया है लेकिन अब भी दो बार ट्रांसपोर्ट किया जा रहा 17 लाख का सरकारी राशन गायब है।
खाद्य आपूर्ति निगम के प्रबंधक सहित 6 पर दर्ज हुई एफआईआर
मामले में सहायक खाद्य आपूर्ति अधिकारी जितेंद्र नागर के शिकायती आदेवन के बाद नीमच केंट थाने में 6 लोगो पर मामला दर्ज किया गया है। इसमें नागरिक आपूर्ति के प्रबंधक आरपी सांवलिया, विभाग के ऑपरेटर विजय धाकड़, ट्रांसपोर्टर मेहरबान सिंह जसवंत, ट्रांसपोर्टर के लोकल प्रतिनिधि सोनू तिवारी के साथ ड्राइवर आसिफ मेव पर अमानत में खयानत की धारा सहित 3/7 ई सी एक्ट के साथ असेंशियल कमोडिटी एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। खाद्य विभाग ने ट्रांसपोर्टर को ब्लैक लिस्टेड कर उसकी सुरक्षा निधी को राजसात करने की कार्यवाही भी शुरू कर दी है। ताकि गायब राशन की भरपाई करवाई जा सके।




