रायपुर। गणेश चतुर्थी के पूर्व राजधानी में सड़क किनारे बेचने के लिए रखी गई गणेश की प्रतिमाओं का तोडऩे का मामला सामने आया है। इस मामले में सोमवार देर शाम भाजपा व शिवसेना के हंगामें के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। घटना रविवार आधीरात के बाद की बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार मूर्तिकार नारायण प्रजापति आमापारा बाजार के पास सड़क किनारें गणेश की प्रतिमाएं बेचते हैं। रविवार रात को सभी मूर्तियों को कवर कर वह अपने घर चला गया। दूसरे दिन जब वह पहुंचा ओर कवर हटाया तो दंग रह गया। कई प्रतिमाएं खंडित दिखी। किसी प्रतिमा के दोनों हाथ टूटे हुए थे तो किसी प्रतिमा की सूंड गायब थी। कई प्रतिमाओं के साथ तोडफ़ोड़ की गई थी।
नारायण प्रजापति ने बताया कि 100 से ज्यादा प्रतिमाओं के साथ तोडफ़ोड़ की गई। उसने बताया कि जब वह पहुंचा तो प्रतिमाएं इधर उधर बिखरी पड़ी थी। जैसे ही इसकी जानकारी भाजपा व शिवसेना को लगी वे आजाद चौक थाने पहुंचे और इस मामले में काफी हंगामा किया। भाजपा व शिवसेना के लोग अपने साथ टूटी प्रतिमाएं लेकर पहुंचे थे। माहौल बिगड़ता देख आजाद चौक पुलिस ने मामले में अज्ञात लोगो के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 295 ए के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




