भिलाई। मतगणना शुरू होने के महज 2 घंटों में ही नगर पंचायत भोपालपटनम व कोंटा के पूरे नतीजे सामने आ गए हैं। इन दोनों निकायों पर कांग्रेस ने अपना कब्जा बरकरार रखा है। भोपालपट्नम में जहां कांग्रेस ने भाजपा का क्लीन स्वीप किया है।
कांग्रेस ने यहां की 15 मे से 15 सीटों पर कब्जा कर लिया है। वही कोंटा के 15 वार्डों में से 14 वार्डों में कांग्रेस के प्रत्याशी जीत गए हैं। वहीं 1 वार्ड में भाजपा का प्रत्याशी जीता है। इस बड़ी जीत के साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जश्न बनाना प्रारम्भ कर दिया है।
गौरतलब है कि प्रदेश के 15 निकायों में हुए चुनाव के बाद गुरुवार को सभी निकायों की मतगणना जारी है। शुरुआत से ही कांग्रेस ने बढ़त का सिलसिला बनाए रखा और लगातार जीत दर्ज कर रही है। कांग्रेस पार्टी ने अब तक भैरमगढ़ नगर पंचायत और कोंटा नगर पंचायत पर अपना कब्जा जमा लिया है। भैरमगढ़ में जहां कांग्रेस 15 में से 12 वार्ड जीतने में कामयाब रहे।
वहीं भोपालपट्नम में तो कांग्रेस ने कमाल ही कर दिया। यहां एक भी सीट पर भाजपा के प्रत्याशी जीत नहीं पाए हैं। इसी प्रकार कोंटा में 15 में 14 सीटों पर कब्जा कर बड़ी जीत दर्ज की है। इसके अलावा अन्य निकायों में भी कांग्रेस के प्रत्याशी लीड बनाए हुए हैं।




