रायपुर (PIB). राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान रायपुर में, 26 जून 2023 को “नशीली दवाओं के सेवन और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय नशा विरोधी दिवस” मनाया गया। संस्थान के खेल विभाग एवं एनसीसी के तत्वाधान में नशा विरोधी रैली निकालकर लोगों को नशे से दूर रहने हेतु जागरूक किया गया।


रैली का आयोजन खेल विभाग के संकाय प्रभारी डॉ. एच.के. नारंग और एनसीसी के संकाय प्रभारी डॉ. नीरज मन्हास के मार्गदर्शन में किया गया। एसोसिएट डीन (छात्र कल्याण), डॉ. एम. के. प्रसाद, एसोसिएट प्रोफेसर, एप्लाइड जियोलॉजी विभाग, डॉ. डी. सी. झारिया, एसोसिएट प्रोफेसर, गणित विभाग, डॉ. एस. एन. राव, संकाय सदस्य, कर्मचारी, सुरक्षा गार्ड और छात्र भी इस दौरान उपस्थित रहे।

इस रैली में नशे के विरुद्ध जागरूकता पैदा करने वाले नारें “हम सबका एक ही नारा, नशा मुक्त हो देश हमारा” एवं “जिसने नशे को हाथ लगाया, मौत ने उसको गले लगाया” जैसे नारे जोर शोर से लगाए गए। रैली ने पूरे संस्थान का भ्रमण किया एवं अंत में स्वयं को नशे से दूर रखने और भारत को एक नशामुक्त राष्ट्र बनाने की प्रतिज्ञा ली गई। यह रैली कार्यक्रम लोगों को नशे से दूर रहने हेतु जागरूक करने में सफल रहा।





