बलरामपुर Balrampur. छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में मोबाइल चोरी के आरोप में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। शादी में डीजे पर डांस करने के दौरान वहां रखा एक मोबाइल युवक ने उठा लिया। तलाशी के दौरान मोबाइल युवक के पास बरामद हो गया। फिर क्या था नशे में धुत आरोपियों ने युवक को पहले बुरी तरह पीटा और उसके बाद घसीटते हुए खेत में ले गए जहां उसकी गला दबा कर हत्या कर दी। दूसरे दिन सुबह युवक की लाश मिली। इस मामले में पुलिस 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला कुसमी थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम नवडीहा निवासी अनुरंजन केरकेट्टा (22) बुधवार को अपने साथी बिजेंद्र मिंज और आनंद मिंज के साथ गोविंदपुर में रिश्तेदार सुरेंद्र मिंज की बेटी की शादी में शामिल होने गया था। रात करीब 10 बजे विदाई के बाद डीजे में गांव के युवक डांस कर रहे थे। अनुरंजन केरकेट्टा भी डांस करने लगा। वहां पर दो मोबाइल रखे हुए थे। इसमें से गोविंदपुर के युवक नरेंद्र राम का मोबाइल अनुरंजन ने उठा लिया। मोबाइल गायब होने की जानकारी मिलने पर नरेंद्र राम के साथियों ने तलाश की।
गांव के युवक विरेश बड़ा, प्रकाश चंद, विनोद बड़ा, अमृतराम, रूपदेव राम और नरेन्द्र राम सहित अन्य युवकों ने मोबाइल के बारे में पता किया तो वह अनुरंजन के पास से बरामद हो गया। इसके बाद नशे में धुत युवकों ने अनुरंजन को पीटना शुरू कर दिया। उसे मारते हुए खेत की ओर ले गए और उसका गला दबा दिया। शेष युवकों ने उसके चेहरे, सीने और कनपटी पर लात-घूसों से मारा। इससे अनुरंजन बेहोश हो गया। इसके बाद उसे वहीं छोड़कर सभी फरार हो गए।
दूसरे दिन गुरुवार की सुबह अनुरंजन का शव खेत में पड़ा मिला। इसके बाद गांव वालों ने इसकी सूचना पुलिस व परिजनों को दी। परिजनों की शिकायत पर एसपी डा. लाल उमेद सिंह ने एसडीओपी रितेश कुमार चौधरी के नेतृव में टीम गठित कर जांच शुरू की। जांच के दौरान युवक की पिटाई की बात सामने आई। इस मामले में देर शाम विरेश बड़ा (25), रूपदेव राम (23), प्रकाश चंद (18), विनोद बड़ा (28), अमृत राम (36), नरेन्द्र राम (32) को गोविंदपुर से गिरफ्तार किया गया। हत्या के मामले में सभी कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।




