बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवती शादी के 45 वें दिन अपने प्रेमी के साथ आधीरात को घर से भाग गई। इसके बाद दोनों रेलवे स्टेशन की ओर गए और ट्रैक के पास विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ने के बाद प्रेमी ट्रैक पर खड़ा रहा और ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। वहीं उसे बचाने के चक्कर में युवती भी ट्रेन से टकराई। युवती को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार कांकेर निवासी मोनिका खरे (23) की शादी 22 अप्रैल 2026 को ग्राम परसोदा (जगन्नाथपुर) निवासी टीकम कुमार खरे से हुई थी। शादी के महज 45 दिन बाद शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात लगभग 1 बजे वह अपने प्रेमी मिथलेश ठाकुर के साथ चली गई। दोनों रेलवे ट्रैक के पास पहुंचे और प्रेमी मिथिलेश उस पर शादी का दबाव बनाने लगा। शादी नहीं करने पर जान देने की धमकी देने लगा। इस बीच वह रेलवे ट्रैक के बीच में खड़ा हो गया। युवती ने उसे हटाया लेकिन दोबारा वह ट्रैक पर चला गया। इस दौरान ट्रेन आ गई और युवती के प्रयास के बाद भी वह उसकी चपेट में आ गया। इस घटना में मिथिलेश की मौत हो गई।
मिथिलेश को बचाने के चक्कर में मोनिका भी ट्रेन से टकरा गई और उसके चेहरे पर गंभीर चोट आई। घायल अवस्था में उसने डायल 112 को हादसे की सूचना दी। इधर मोनिका का पति टीकम ढाई से तीन बजे के बीच उठा तो पत्नी नहीं थी। इसके बाद उसने पत्नी को फोन लगाया तो उसने बताया वह रेलवे ट्रैक के पास घायल अवस्था में पड़ी है। इसके बाद वह परिजनों के साथ लाटाबोड़ स्टेशन की ओर गया। यहां तलाश के दौरान टीकम ने पुलिस से संपर्क किया तो उसे पता चला कि वह अस्पताल में भर्ती है।
इंस्टाग्राम पर मिथिलेश से हुई थी दोस्ती
इस पूरे घटना को लेकर बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि घायल मोनिका का इलाज चल रहा है। शुरूआती जांच में पता चला है कि मिथलेश और मोनिका की पहचान करीब ढाई साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच दोस्ती गहरी होती गई और उनका संपर्क लगातार बना रहा। मिथलेश ठाकुर शादीशुदा था और उसकी एक बेटी भी है। इसके बाद भी वह मोनिका से शादी करना चाहता था। इस बीच मोनिका की शादी बालोद में हो गई। शादी के 45 दिन बाद यह घटना घटी है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।




