
ग्रेटर नोएडा (एजेंसी)। बोड़ाकी रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पर बैठे तीन युवकों की मालगाड़ी से कटकर मौत हो गई। इनमें दो सगे भाई और एक उनका मित्र है। हादसा गुरुवार रात लगभग साढ़े आठ बजे हुआ। तीनों युवक ईयरफोन लगाकर यू-ट्यूब पर वीडियो देख रहे थे। हादसे के बाद कुछ दूर जाकर मालगाड़ी रुक गई और चालक ने रेलवे अधिकारी और पुलिस को सूचना दी। परिजनों ने तीनों के क्षत-विक्षत शवों का अंतिम संस्कार रात में ही कर दिया।

पुलिस के अनुसार ग्रामीणों बताया कि दादरी के बोड़ाकी गांव निवासी घनश्याम के बेटे जीतू और दीपक शाम को खाना खाकर घर से निकले थे। दोनों गांव निवासी साथी सुरजीत प्रजापति के बेटे सोनू के साथ घर से कुछ दूर स्थित रेलवे ट्रैक पर जाकर बैठ गए। तीनों ईयरफोन लगाकर यू-ट्यूब पर वीडियो देखने लगे। इसी दौरान दनकौर की ओर से आ रही मालगाड़ी के चालक ने तीनों को ट्रैक पर बैठा देख लिया। उसने तेज हॉर्न बजाया, लेकिन कान में ईयरफोन लगे होने और तीनों का ध्यान मोबाइल में होने से वह न मालगाड़ी की लाइट देख पाए और न ही हॉर्न सुन पाए। बताया जा रहा है चालक ने मालगाड़ी रोकने का भरसक प्रयास किया, लेकिन तीनों युवकों के पास पहुंचने तक मालगाड़ी खड़ी नहीं हो सकी और दर्दनाक हादसा हो गया। जीतू और दीपक पढ़ते थे, जबकि सोनू वाहन चलाता था।




