अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अबिकापुर में बीते दिनों दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या के मामले में आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है। महिला का शव सड़क किनारे मिला था और उसके प्राइवेट पार्ट में प्लास्टिक की बोतल पाई गई थी। इस मामले में फरार आरोपी को चिरमिरी पुलिस ने पकड़ा और अंबकापुर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद अंबिकापुर से एक टीम आरोपी को लेने रवाना हो गई।

बता दें यह घटना 2-3 अप्रैल की दरमियानी रात रिंग रोड से लगे एक मटन शॉप में घटी थी। महिला का शव सड़क किनारे मिला था। महिला से दुष्कर्म करने के बाद उसकी निर्मम हत्या कर दी गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के प्राइवेट पार्ट में प्लास्टिक की बोतल मिली थी। उसकी पसलियों की 12 हड्डियां टूटी थीं और फेफड़े व दिल फटे थे। सिर पर भी गहरे चोट के निशान पाए गए थे। पुलिस जांच में आरोपी की पहचान पांडा उर्फ मिथुन के रूप में हुई। वह घटना के बाद से फरार चल रहा था। आरोपी पहले से महिला के संपर्क में था और दोनों साथ में कबाड़ बीनने का काम करते थे।
आरोपी मूल रूप से सूरजपुर जिला के प्रतापपुर का निवासी है। वह पिछले करीब सात वर्षों से अंबिकापुर में रह रहा था। घटना के बाद आरोपी को अंतिम बार रेलवे स्टेशन के पास देखा गया था। उसकी सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को मिली थी। पुलिस ने उसकी तलाश में सिलफिली क्षेत्र में ड्रोन कैमरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया था। पूरे संभाग के थानों में आरोपी का फोटो और स्केच भेजा गया था। सरगुजा पुलिस महानिरीक्षक ने 30 हजार रुपये और पुलिस अधीक्षक ने पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमों का गठन किया गया था। शुक्रवार को एमसीबी पुलिस ने आरोपी को चिरमिरी से गिरफ्तार कर सरगुजा पुलिस को सूचना दी। सरगुजा पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को शुक्रवार को अंबिकापुर लाया जाएगा, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




