मनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने बीच सड़क पर एक छात्रा की पिटाई कर दी। छात्रा 9वीं कक्षा की बताई जा रही है। दरअसल विवाद का कारण छात्रा का महिला के पति से बात करना था। महिला को शक था कि नाबालिग छात्रा का उसके पति से अफेयर है। इस पूरे घटना क्रम का वीडियो वायरल होने के बाद मामला सामने आया।

बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत अचानक हुई और देखते ही देखते इसने हिंसक रूप ले लिया। महिला और छात्रा के बीच पहले तो नोंकझोंक हुई, जिसके बाद महिला ने छात्रा के चेहरे पर नाखूनों से वार कर दिया। इस हमले में छात्रा के चेहरे पर कई जगह गंभीर खरोंच के निशान आ गए। राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और उन्होंने हस्तक्षेप कर दोनों को अलग कराया, तब जाकर स्थिति सामान्य हो पाई। किसी राहगीर द्वारा रिकॉर्ड किया गया इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दोनों एक दूसरे को बाल खींचकर, नाखून से नोचते दिख रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने संज्ञान लिया और महिला को पूछताछ के लिए ले गई। वहीं घटना के बाद छात्रा वहां से चली गई। पुलिस की पूछताछ में महिला ने बताया कि छात्रा उसके पति से बात करती है। पति के मोबाइल का कॉल रिकार्ड देखने के बाद कई बार छात्रा को समझाया लेकिन वह नहीं मानी। वह छात्रा को फिर से समझाने गई थी, लेकिन बात बढ़ने पर विवाद हो गया। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




