राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में एक महिला ने आत्मदाह कर लिया। गंभीर हालत महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला ने यह खौफनाक कदम निगम की कार्रवाई के विरोध में किया। दरअसल निगम ने महिला के कब्जे को खाली कराकर उसके घर पर ताला लगा दिया था। इस वजह से महिला ने खुद पर आग लगा ली। आसपास के लोगों ने आग बुझाकर महिला को अस्पताल में भर्ती कराया।
मिली जानकारी के अनुसार राजनांदगांव निगम के लखोली वार्ड में बने अटल आवास में कुछ लोगों ने कब्जा कर रखा था। निगम ने कब्जेदारों को कई बार नोटिस दिया लेकिन वे वहां से नहीं हटे। यहां पर यास्मीन बेगम (49) नाम की महिला अपने बेटे के साथ रहती है। उसने भी आवास आबंटन के यहां रह रही थी। गुरुवार को निगम की टीम ने अवैध कब्जे खाली कराए और इस दौरान महिला से भी आवास खाली कराकर घर को सील कर दिया।
महिला निगम की कार्रवाई का विरोध कर रही थी। लेकिन निगम के कर्मचारी नहीं माने तो महिला ने खुद पर पेट्रोल डाल लिया और आग लगा ली। इससे वह जलने लगी तो आसपास के लोगों ने उसकी आग बुझाई। इसके बाद महिला को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई। इधर महिला के आग लगाने की घटना के बाद अटल आवास क्षेत्र में तनाव का माहौल है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।




