भिलाई। छत्तीसगढ़ में अब शरद ऋतु का असर दिखने लगा है। कार्तिक पूर्णिमा के बाद से ही रातें और अधिक ठंडी होने लगी है। छत्तीसगढ़ के प्रमुख शहरों में दिन की तूलना में रात का तापमान आध रह गया है। कुछ शहरों में तो दिन की अपेक्षा रात का तापमान आधे से भी कम हो गया है। दुर्ग भिलाई इनमें से एक हैं जहां दिन और रात के तापमान में भारी अंतर देखने को मिल रहा है। दुर्ग भिलामें रविवार रात को न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री रहा। वहीं दिन में टेंपरेचर 30.2 डिग्री तक पहुंचा था। यानी रात में पूरे 16.4 कम रहा।
छतीसगढ़ के सभी हिस्सों में ठंड अब तेजी से बढ़ने लगी है। कई स्थानों पर रात का तापमान 10 से 12 डिग्री तक गिर गया है। खासतौर पर उत्तरी छत्तीसगढ़ में पारा सामान्य से दो से तीन डिग्री तक कम पहुंच गया है। राजधानी रायपुर के साथ दुर्ग भिलाई व बिलासपुर में भी ठंड बढ़ी है। मौसम विभाग की माने तो आगामी 03 दिनों में छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में को विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है, तत्पश्चात 1-2°C तक की गिरावट होने की संभावना है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि प्रदेश में मौसम शुष्क है। अगले कुछ दिनों तक मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट आएगी। हालांकि अभी भी कड़ाके की ठंड दूर है।
रायपुर रहा सबसे गर्म, अंबिकापुर सबसे ठंडा
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.2°C रायपुर में तथा सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.6°C अम्बिकापुर में दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर से आ रही शुष्क हवा के कारण प्रदेश में मौसम ठंडा हो गया है। दिन का तापमान भी सामान्य के आसपास है। इसलिए दोपहर की धूप से चुभन भी लगभग खत्म हो गई है। रात में पारा सामान्य से नीचे बना हुआ है। शहरी क्षेत्र के आउटर में ठंड का अहसास कुछ अधिक है। घनी आबादी से दूर खुले क्षेत्र में रात का तापमान तेजी से गिर रहा है।
ऐसा रहा प्रमुख जिलों का तापमान
छत्तीसगढ़ के प्रमुख शहरों का तापमान इस प्रकार रहा। दुर्ग में अधिकतम तापमान 30.2 और न्यूनतम तापमान 13.8 रहा। इसी प्रकार राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 31.2 और न्यूनतम तापमान 16.8, माना एयरपोर्ट अधिकतम तापमान 29.8 और न्यूनतम तापमान 15.2, बिलासपुर अधिकतम तापमान 29.6 ओर न्यूनतम तापमान 16.0, पेण्ड्रारोड अधिकतम तापमान 28.5 और न्यूनतम तापमान 12.6, अम्बिकापुर अधिकतम तापमान 27.8 और न्यूनतम तापमान 10.6, जगदलपुर अधिकतम तापमान 29.1 और न्यूनतम तापमान 16.0 तथा राजनांदगांव अधिकतम तापमान 29.5 और न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री रहा।




