भिलाई। लोक आस्था के महापर्व छठ के मौके पर शुक्रवार की शाम व्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को पहला अर्घ्य प्रदान किया। शनिवार की सुबह उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य देने के साथ छठ पर्व का चार दिनी अनुष्ठान संपन्न होगा। इसके बाद व्रतियां पारण कर ठेकुआ का प्रसाद बांटेंगी। शुक्रवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करने के लिए शहर के साथ गांवों के घाटों, तालाबों, पोखरों में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। कोरोना संक्रमण से बचने तथा प्रशासन की अपील पर लाखों व्रतियों ने अपने घरों की छतों पर ही सूर्य को अघ्र्य प्रदान किया। इस अवसर भिलाईनगर के विधायक और महापौर देवेन्द्र यादव और छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व केबिनेट मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय सपरिवार उपस्थित थे।


दोपहर बाद ही घाटों की ओर बढऩे लगे कदम
बीते गुरुवार को खरना के बाद से व्रतियों ने 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू कर दिया था। रातभर व्रतियों ने छठी मइया की आराधना की। घर-घर छठी मइया के गीत गाये जा रहे थे। शुक्रवार को दिन चढऩे के साथ ही व्रतियों में अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य प्रदान करने के लिए उत्साह चरम पर पहुंच चुका था। दोपहर 1 बजे के बाद से ही दूर-दराज के व्रतियों के कदम घाटों, पार्कों, तालाबों और पोख्ररों की ओर बढऩे शुरू हो गये। शाम होते ही घाट व्रतियों से पट गये।

मौसम ने भी बदला करवट
जैसे ही घाटों से सूर्य देव को अध्र्य देने के बाद व्रती अपने-अपने घरों को लौट रहे थे तभी मौसम ने भी अपना करवट बदला और जोरदार बारिश शुरू हो गई। लगभग आधे घंटे की जोरदार बारिश से शहर तरबतर हो गया वहीं बारिश ने ठंड का एहसास करा दिया।





