भिलाई। छत्तीसगढ़ में टैलेंट की कमी नहीं है। हमारे स्कूलों से तो होनहार निकल ही रहे हैं लेकिन आंगनबाड़ी केन्द्रों से भी टैलेंट उभर कर सामने आ रहा है। ऐसा ही एक टैलेंट राजनांदगांव जिले के सिंघोला गांव स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र में देखने को मिला। बच्चे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। छत्तीसगढ़ के IPS व जनसंपर्क प्रमुख दीपांशु काबरा ने अपने ट्विटर हैंडल पर वीडियो शेयर कर लिखा है। मिलिए छत्तीसगढ़ की होनहार नन्हीं पापिया से।
मासूम बच्ची राजनांदगांव जिले के सिंघोला गांव की रहने वाली है। इसके पिता का फत्तेलाल विश्वकर्मा व माता का जयश्री विश्वकर्मा है। बच्ची का नॉलेज कमाल का है। आंगनबाड़ी में पढ़ने वाली नन्ही पापिया को अपने गांव व जिले से लेकर छत्तीसगढ के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री का भी नाम याद है। यही नहीं व देश की राजधानी से राष्ट्रीय गीत व राष्ट्रगान भी बता रही हैं।
छत्तीसगढ़ का मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कका
आंगनबाड़ी में बच्ची से सवाल करते हुए उसका वीडियो बनाया गया जो कि सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। बच्ची से उसका नाम, पिता का नाम, माता का नाम, गांव व सरंपच का नाम पूछा गया जिसका उसने सही उत्तर दिया। बच्ची से जब पूछा गया कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री कौन है तो उसने मासूमियत से कहा भूपेश बघेल कका। प्रधानमंत्री का नाम नरेन्द्र मोदी बताया। इसी प्रकार राष्ट्रीय पशु, राष्ट्रीय पक्षी का नाम भी बताया। यहां तक की राष्ट्रीय मिठाई का नाम जलेबी बताया। इस तरह से बच्ची ने हर सवाल का जवाब दिया जो उससे पूछा गया। IPS काबरा द्वारा इस वीडियो को शेयर किए जाने के दो घंटे में ही हजारों लोगों ने देखा भी और इसे पसंद भी किया।




