भिलाई। जामुल थाना क्षेत्र में बुधवार आधीरात को घर के बाहर खड़ी पियाजे एप्पे और एक्टिवा जलने लगी। आसपास के लोगों के शोर मचाने पर गाड़ी मालिक बाहर निकला और लोगों के साथ आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि तब तक दोनों वाहन बुरी तरह से जल चुके थे। गुरुवार को पीडित थाने पहुंचा और अपने छोटे भाई के परिवार को इसके लिए जिम्मेदार बताते हुए उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। इस मामले में जामुल पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जामुल पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना घासीदास नगर की है। पेशे से ड्राइवर शाहिद खान ने अपनी शिकायत में बताया कि बुधवार रात को खाना खाकर लगभग 11 बजे परिवार सहित घर में सो गया। इस दौरान उसकी गाडी पियाजो एप्पे क्रमांक CG 07 BB 9145 तथा सफेंद रंग की एक्टीवा 4G क्रमांक CG 07 BG 3130 को घर के सामने रोड किनारे खडा किया था। करीबन 2 बजे दोनों गाड़ियों में आग लगने से आसपास के लोगों ने शाहिद खान को आवाज देकर उठाया।
परिवार के साथ शाहिद खान बाहर निकला तो उसकी दोनों गाड़ियां जल रही थी। इसके बाद उसने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन तब तक काफी जल चुका था। शाहिद खान ने आशंका जताते हुए पुलिस को बताया कि उसका छोटा भाई अली हुसैन, उसकी पत्नी शहनाज बेगम व उसके बेटे हसन खान ने ही गाडियों में आग लगाई है। इस आगजनी में पियाजो एप्पे आटो कीमती 1,50,000 रूपए व एक्टीवा वाहन कीमती 40,000 रुपए कुल कीमती 1,90,000 रुपए का नुकासान हुआ है। इस मामले में जामुल पुलिस ने धारा 435 के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।




