स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल 2026 में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से दुनिया को दीवाना बनाने वाले 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम के लिए वैभव अंतिम 11 में शामिल हो गए हैं। इसके साथ ही वैभव ने महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। महज 15 साल 99 दिन की उम्र में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले वह सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए।

भारतीय क्रिकेट में लंबे समय से यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज था। सचिन ने 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ 16 साल 205 दिन की उम्र में टेस्ट क्रिकेट से अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी। अब वैभव ने उनसे भी कम उम्र में टीम इंडिया की जर्सी पहनकर इतिहास रच दिया। इस सूची में तीसरे स्थान पर पूर्व स्पिनर पीयूष चावला हैं, जिन्होंने 17 साल 75 दिन की उम्र में भारत के लिए टेस्ट डेब्यू किया था।
ऐसा रहा आईपीएल का सफर
आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स ने पहली बार उन्हें मौका दिया था। उस समय उन्होंने अपनी प्रतिभा की झलक दिखाई थी, लेकिन असली विस्फोट आईपीएल 2026 में हुआ। पूरे सीजन में उन्होंने ऐसी बल्लेबाजी की कि दुनिया के दिग्गज गेंदबाज भी उनके सामने बेबस नजर आए। 15 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज ने आईपीएल 2026 में 237.30 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप अपने नाम की। इस दौरान उन्होंने 72 छक्के लगाए, एक शतक सहित छह बार 50 से अधिक का स्कोर बनाया और कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। महज 327 गेंदों में 776 रन बनाना टी20 क्रिकेट के सबसे विस्फोटक बल्लेबाजी प्रदर्शनों में गिना जा रहा है।




