दुर्ग। शहर के मोहन नगर थाना क्षेत्र में धर्मांतरण पर जमकर बवाल हुआ। उरला बस्ती में एक महिला व युवती पर मतांतरण का आरोप लगाते हुए मोहल्ले वालों ने जमकर धुनाई की। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मोहन नगर पुलिस मौके पर पहुंची। महिला व युवती के साथ ही मोहल्ले के लोगों को भी पुलिस थाने ले आई। इसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हुआ। इस घटना के बाद मौके पर हिन्दूवादी संगठनों का जमावाड़ा लग गया और जय श्रीराम के जयकारे लग रहे थे।
मोहन नगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उरला बस्ती निवासी चित्रलेखा साहू ने अपने घर पर प्रार्थना सभा रखी थी। बताया जा रहा है कि इस दौरान उसके साथ मौजूद एक महिला और युवती लोगों को अपना धर्म बदलवाने के लिए उकसा रही थी। इसकी जानकारी मिलने पर मोहल्ले की महिलाएं बड़ी संख्या में चित्रलेखा के घर पहुंची। मोहल्ले की महिलाओं व अन्य लोगों को देख चित्रलेखा मौके से फरार हो गई। धर्मांतरण के उकसाने वाली महिला व युवती मोहल्ले वालो के हत्थे चढ़ गई। इसके बाद गुस्साई महिलाओं ने दोनों की जमकर धुनाई कर दी। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
उरला बस्ती के लोगों का आरोप है कि पकड़ी गई महिलाएं बस्ती में प्रार्थना सभा के नाम पर मतांतरण करवा रही थी। जरूरतमंदों को लालच देकर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर मोहन पुलिस की एक टीम पहुंची। मोहल्ले के लोग धर्मांतरण कराने पहुंची महिला व युवती को थाने लेकर गए। दोनों पक्षों को सुनने के बाद पुलिस ने इनके बीच समर्झाता करा दिया। बिना शिकायत के ही मामला शांत हो गया।




