नई दिल्ली (एजेंसी)। देश में कोरोना वायरस के संक्रमितों का मिलना जारी है, हर दिन 20 हजार से अधिक लोग वायरस की चपेट में आ रहे हैं। सरकार अगले साल से टीकाकरण करने की योजना पर काम कर रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने कहा है कि हमारे यहां दुनिया के विकसित देशों के मुकाबले कोरोना रिकवरी रेट सबसे अधिक है। स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने कहा, भारत में जनवरी से कोरोना वायरस के खिलाफ लोगों का टीकाकरण शुरू हो सकता है और सरकार की पहली प्राथमिकता वैक्सीन की सुरक्षा और प्रभावकारिता है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, हमारे पास दुनिया में सबसे अधिक रिकवरी रेट है: 95 और 96 प्रतिशत के बीच। अमेरिका, रूस और ब्राजील जैसे दुनिया के कुछ विकसित देशों की तुलना में, जहां रिकवरी रेट 60 से 80 प्रतिशत के बीच है, इसे देखकर पता चलता है कि हम बेहतर स्थान पर हैं। उन्होंने कहा, हमारे यहां कोरोना से होने वाली मृतकों की दर 1.45 प्रतिशत है। मुझे लगता है कि बुरा वक्त शायद खत्म हो गया है लेकिन अभी भी सावधानी की जरूरत है। कोरोना के खिलाफ मुख्य हथियार मास्क, हाथों को साफ करना और शारीरिक दूरी ही है, जिसका हम सभी को पालन करने की जरूरत है।
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन बोले- कोरोना का बुरा समय टल गया, अगले महीने से शुरू होगा टीकाकरण





