जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले में पिकनिक मनाने हसदेव नदी पहुंचे दो छात्र नदी में डूब गए। घटना मंगलवार दोपहर बाद की बताई जा रही है। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची एसडीआरएफ व स्थानीय गोताखोरों ने काफी प्रयास किया लेकिन शव नहीं मिले। बुधवार को सुबह फिर से रेस्क्यू शुरू हुआ। शाम 5 बजे के आस-पास एक छात्र का शव बरामद किया गया वहीं दूसरे छात्र का कुछ पता नहीं चल पाया है।
घटना जिले के बलौदा थाना क्षेत्र का है। बलौदा निवासी प्रांजल देवांगन(17) और दिव्यांशु कटकवार(16) अपने 6 अन्य दोस्तों के साथ मंगलवार को पिकनिक मनाने देवरी चिचोली गए थे। पिकनिक के दौरान यहां सभी ने पहले खाना खाया और इसके बाद सभी खेलकूद में लग गए। इस बीच दिव्यांश और प्रांजल हसदेव नदी में नहाने चले गए थे। नहाने के दौरान दोनों नदी की गहराई में चले गए और डूब गए। जब छात्र डूब रहे थे तो वे चीखने लगे थे। शोर सुनकर साथी छात्रों ने आसपास के लोगों को जमा किया। छात्रों ने भी काफी तलाश किया और उसके बाद परिजनों को सूचना दी।
मौके पर स्थानीय गोताखोरों ने छात्रों को निकालने का प्रयास किया लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने भी गोताखोरों की मदद से छात्रों की तलाश शुरू की। रात होने तक कुछ पता नहीं चला तो रेस्क्यू रोक दिया गया। बुधवार सुबह एसडीआरएफ और नगर सेना की टीमों ने तलाश शुरू की। दिनभर की तलाश के बाद शाम 5 बजे प्रांजल का शव बहार निकाला गया। वहीं दूसरे दिव्यांशु का कुछ पता नहीं चल पाया है।




