भिलाई । दुर्ग जिले के गनियारी-पिपरछेड़ी के पास शिवनाथ नदी में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। दोस्तों के साथ जन्मदिन की खुशियां मनाने पहुंचे दो किशोर नहाने के दौरान नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। एसडीआरएफ दुर्ग की टीम ने कठिन मशक्कत और डीप डाइविंग के बाद एक 14 वर्षीय बालक का शव बरामद कर लिया है। मृतक बालक रेहान खान पिता नदीम खान ( 14 वर्ष) वाम्वे आवास उरला दुर्ग का रहने वाला है। जबकि दूसरे लापता बालक की तलाश में बड़े पैमाने पर रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार 24 जुलाई की शाम लगभग 4 बजे वाम्बे आवास उरला दुर्ग के रहने वाले आठ दोस्तों का एक समूह शिवनाथ नदी के किनारे अपने साथी का जन्मदिन मनाने पहुंचा था। जश्न के दौरान माहौल खुशनुमा था, लेकिन तभी दो साथी नदी में नहाने के लिए उतरे। उस समय बारिश के मौसम के कारण नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था और पानी का बहाव बेहद तेज था। देखते ही देखते दोनों किशोर तेज धार की चपेट में आकर बहने लगे और गहरे पानी में समा गए। अपने दो दोस्तों को आँखों के सामने डूबता देख किनारे पर मौजूद बाकी छह लड़कों में खौफ पसर गया। शुरुआती घबराहट और डर के कारण लड़कों ने पहले खुद ही अपने स्तर पर नदी के किनारे और आसपास के इलाकों में दोनों की खोजबीन शुरू की। लेकिन जब काफी देर तक उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने अनहोनी की आशंका के चलते तुरंत परिजनों को खबर दी।

परिजनों द्वारा पुलिस और प्रशासन को सूचित करने के बाद एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। हालांकि, रात का अंधेरा घिर जाने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने में काफी दिक्कतें आईं और अभियान को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। शनिवार सुबह होते ही एसडीआरएफ की टीम ने गोताखोरों की मदद से पुनः शिवनाथ नदी में डीप डाइविंग सर्च ऑपरेशन शुरू किया। घंटों की मेहनत के बाद टीम ने एक बालक का शव गहरे पानी से बाहर निकाल लिया। मृतक बालक की पहचान रेहान खान पिता नदीम खान के रूप में हुई है। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। समाचार लिखे जाने तक एसडीआरएफ की टीम बोट और गोताखोरों के माध्यम से दूसरे लापता बालक की तलाश में जुटी हुई है। रेस्क्यू टीम में जिला सेनानी दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर प्रभारी धनीराम यादव, जवान भूपेन्द्र सिंह, चंद्रप्रताप, राजकुमार यादव, दिलीप, सूरज, राजू महानंद, महेश, राजेश नेताम, कुंजेश, दिनेश, शारदा और भानुप्रताप शामिल हैं।




