कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार पुलिस आरक्षक की मौत हो गई। आरक्षक अपने साथी आरक्षक के साथ ड्यूटी से घर लौट रहा था। बाइक पर बैठा दूसरा आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों कांस्टेबल रक्षित पुलिस लाइन में पदस्थ थे। हादसे के बाद ट्रेलर चालक भाग निकला है। उसकी तलाश की जा रही है। हादसा दीपका थाना क्षेत्र में हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार नोनबिर्रा गांव निवासी आरक्षक अवधेश कंवर और तालासार निवासी आरक्षक हेम सिंह श्याम दोनों के गांव आसपास हैं, इसलिए कई बार वे एक ही बाइक से आना-जाना करते थे। रोज की तरह गुरुवार को भी एक ही बाइक पर देर रात गांव लौट रहे थे। अभी वे तिवरता मोड़ के पास पहुंचे थे कि एक ट्रेलर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कांस्टेबल अवधेश कंवर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कांस्टेबल हेम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल कांस्टेबल को अस्पताल में भर्ती कराया, वहीं शव को भी पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जहां पंचनामा कार्रवाई के बाद शुक्रवार को परिजनों को सौंप दिया गया है। हादसे के बाद ट्रेलर चालक फरार हो गया जिसकी तलाश की जा रही है।




