रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मंगलवार की सुबह बबूल के पेड़ पर दो दोस्त फंदे पर झूलते मिले। राहगीरों ने देखा और पुलिस को सूचना दी। दोनों दोस्तों ने साड़ी का फंदा बनाया और अलग अलग छोर से लटक गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों की पहचान दीपक बरैठ (20) और शिवशरण (21) के रूप में किया। बताया जा रहा है कि सोमवार को दीपक का जन्मदिन था। दोनों ने रात को पार्टी भी की और सुबह फंदे पर दोनों की लाशें मिली।

मिली जानकारी के अनुसार घटना पुसौर थाना क्षेत्र की है। सोमवार को दीपक का जन्मदिन था तो वह शिवशरण व लाभो के साथ पार्टी प्लान की। तीनों एक साथ निकले और वापस लौटे। लाभो अपने घर चला गया और दीपक व शिवशरण पार्टी करने चले गए। चिखली बाजार पहुंचकर दोनों ने शराब पी। इसके बाद शासकीय माध्यमिक शाला के परिसर में बबूल के पेड़ पर दोनों ने फांसी लगा ली। मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने दोनों को लटके देखा तो पुलिस को सूचना दी। शुरुआती जांच में आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




