टोक्यो (एजेंसी)। टोक्यो पैरालंपिक का 11वां दिन भारत के लिए अभी तक बेहद शानदार रहा है। भारत को आज अभी तक दो स्वर्ण समेत चार मेडल मिले हैं. दिन की शुरुआत में ही भारत की झोली में निशानेबाजी से दो पदक आए। इसमें मनीष नरवाल ने स्वर्ण तो सिंहराज रजत पदक जीता। पुरुषों की 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा एसएच-1 स्पर्धा में मनीष ने गोल्ड मेडल जीता जबकि इसी स्पर्धा में सिंहराज अडाना ने बेहतरीन निशाना साधते हुए रजत पदक पर कब्जा किया। यह सिंहराज का टोक्यो पैरालंपिक में दूसरा पदक है। वहीं बैडमिंटन में प्रमोद भगत ने पुरुष सिंगल्स एसएल-3 स्पर्धा का गोल्ड तो मनोज सरकार ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।
इससे पहले भारत के पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी सुहास यतिराज एसएल-4 सिंगल्स स्पर्धा के फाइनल में पहुंच गए हैं। उन्होंने सेमीफाइनल मुकाबले में इंडोनेशिया के खिलाड़ी सेतियावान फ्रेडी को हराया। वहीं, कृष्णा नागर भी फाइनल में पहुंच गए हैं। हालांकि बैडमिंटन की एसएल-3-एसयू-5 स्पर्धा के मिक्स्ड डबल्स के सेमीफाइनल में प्रमोद भगत और पलक कोहली की जोड़ी को हार का सामना करना पड़ा है। अब भारतीय जोड़ी 5 सितंबर को कांस्य पदक के लिए खेलेगी।
भारत के पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी प्रमोद भगत पुरुष सिंगल्स एसएल-3 स्पर्धा का गोल्ड मेडल जीत लिया है। खिताबी मुकाबले में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी प्रमोद ने दुनिया के दूसरे नंबर के ग्रेट ब्रिटेन के खिलाड़ी डेनियल बेथल को सीधे सेटों में हरा दिया। प्रमोद ने उम्मीद के अनुरूप शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला सेट 21-14 और दूसरा 21-17 से जीता।प्रमोद ने इससे पहले सेमीफाइनल में जापान के खिलाड़ी डी फुजिहारा को मात दी। प्रमोद ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए जापानी खिलाड़ी को 21-11 और 21-16 से हराया।
मनोज सरकार ने जीता कांस्य
बैडमिंटन की पुरुष सिंगल्स स्पर्धा एसएल-3 में भारत के मनोज सरकार ने कांस्य पदक अपने नाम कर लिया। मनोज ने प्लेऑफ (कांस्य पदक) मुकाबले में जापान के दइसुके फुजिहारा को सीधे सेटों में 22-20, 21-13 से हराया। भारत के पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी सुहास यतिराज एसएल-4 सिंगल्स स्पर्धा के फाइनल में पहुंच गए हैं। उन्होंने सेमीफाइनल मुकाबले में इंडोनेशिया के खिलाड़ी सेतियावान फ्रेडी को हराया। अब उनसे गोल्ड मेडल जीतने की उम्मीद है।




