बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां के सरकारी स्कूल कैंपस में करंट लगने से छह साल की एक बच्ची की मौत हो गई। वहीं दो बच्चियां झटके से बेहोश हो गईं। दोनों बच्चियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला वाड्रफनगर विकासखंड का है। बताया जा रहा है कि स्कूल कैंपस में स्थित राशन दुकान के शटर में करंट आ रहा था। बच्चियां खेलते हुए वहां पहुंची और शटर छूते ही गिर गईं।
मिली जानकारी के मुताबिक बलरामपुर जिले के ग्राम कोटी स्थित प्राथमिक स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे गुरुवार दोपहर मध्यान्ह भोजन के अवकाश के दौरान परिसर में खेल रहे थे। इनमें से तीन बच्चे आरती (9) पुत्री लालसाय खैरबार, काजल (6), पुत्री महेश वर्षा (6) पुत्री विनोद खैरबार खेलते हुए स्कूल परिसर में स्थित राशन दुकान के सामने पहुंच गईं। इस दौरान बच्चों ने राशन दुकान के शटर को छू लिया। शटर छूते ही वर्षा खैरबार उससे चिपक गई और बेहोश हो गई। वहीं अन्य दोनों छात्राएं आरती और काजल झटके से गिर गए और बेहोश हो गए।
जैसे ही हादसे की जानकारी स्कूल में लगी तो शिक्षक तुरंत वहां पहुंचे। तीनों बच्चियों को शटर से दूर किया गया और तीनों को अस्पताल लेकर गए। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद वर्षा खैरबार को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने बताया कि आरती व काजल होश में हैं और उनकी स्थिति खतरे से बाहर है। मृत छात्रा वर्षा खैरबार कक्षा पहली की छात्रा थी। अस्पताल में दाखिल काजल कक्षा पहली एवं आरती कक्षा दूसरी की छात्रा है। हादसे के बाद हड़कंप मचा हुआ है। राशन दुकान की शटर में करंट कैसे दौड़ रहा इसकी जानकारी नहीं लग पाई है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।




