भिलाई। दुर्ग जिले के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में पुलिस ने हेरोइन बेचते तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। मिनी स्टेडियम के पास से इन युवकों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके पास से 43.14 ग्राम हेरोइन कीमती 8,65,800 रुपए बरामद किया है। साथ ही नगदी 3,640 रुपए व 5 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। NDPS एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। पकड़े गए आरोपियों में से एक पंजाब के अमृतसर का निवासी है, जिसे पुलिस दुर्ग में मादक पदार्थों की सप्लाई चेन का हिस्सा बता रही है।

मिली जानकारी के अनुसार 29 मार्च 2026 को खुर्सीपार क्षेत्र अंतर्गत मिनी स्टेडियम सुलभ शौचालय के पास कुछ युवकों द्वारा अवैध रूप से मादक पदार्थ (हेरोइन) बिक्री करने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई और 3 युवकों को पकड़ा गया। के इनके कब्जे से कुल 43.14 ग्राम हेरोइन, नगदी रकम एवं मोबाइल फोन जब्त किया गया। आरोपियों के खिलाफ धारा 8/21(क), 27(क) NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई कर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
उक्त कार्यवाही में उप निरीक्षक देवलाल साहू, सहायक उप निरीक्षक तुलसीराम विझेकर, प्रधान आरक्षक आनंद तिवारी, आरक्षक चुमुक सिंहा, दिलीप हरदे एवं साइबर सेल की टीम की सराहनीय भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करें एवं किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। नशीले पदार्थों के अवैध व्यापार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पकड़े गए आरोपी
- विजय सिंह, उम्र 26 वर्ष, निवासी कलेर गुमान, थाना कलसिया, जिला अमृतसर (पंजाब), हाल निवास एचसीएल कॉलोनी तेलहा नाला के पास, वीर नारायण सिंह वार्ड, खुर्सीपार।
- मीर नौशाद अली, उम्र 26 वर्ष, निवासी मकान नंबर 416, जवाहर नगर, बसंत विहार, हनुमान मंदिर के पास, थाना वैशाली नगर।
- सुरेंद्र क्षत्रिय, उम्र 23 वर्ष, निवासी मकान नंबर 457, जवाहर नगर, मुंबई आवास, थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग।
जब्त सामग्री
- हेरोइन 43.14 ग्राम (कीमत 8,65,800 रुपए)
- नगदी रकम 3,640 रुपये
- 05 नग मोबाइल फोन (कीमत 24,500 रुपए)




